ऑस्कर्स 2027 में बड़ा बदलाव, 99 साल के इतिहास में पहली बार बदले 3 नियम, भारत के लिए खुला बड़ा मौका

ऑस्कर्स 2027 के लिए बड़े नियमों में बदलाव किया गया है. इन बदलावों में डबल नॉमिनेशन, एआई पर रोक और इंटरनेशनल कैटेगरी में नई छूट शामिल है, जिससे भारत को फायदा मिल सकता है.

X
Babli Rautela

दुनिया के सबसे बड़े फिल्म अवॉर्ड्स में से एक अकादमी अवॉर्ड हर साल कुछ नया लेकर आता है. लेकिन इस बार जो बदलाव हुए हैं, वे इतिहास में दर्ज होने वाले हैं. करीब 99 साल पुराने इस अवॉर्ड समारोह में पहली बार इतने बड़े नियम बदले गए हैं, जो आने वाले समय में फिल्म इंडस्ट्री की दिशा ही बदल सकते हैं. ऑस्कर 2027 से लागू होने वाले ये नियम कलाकारों, फिल्ममेकर्स और खासतौर भारत के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं.

अब तक ऑस्कर्स में एक नियम यह था कि कोई भी एक्टर किसी एक कैटेगरी में सिर्फ एक ही बार नॉमिनेट हो सकता था. लेकिन अब यह नियम बदल दिया गया है. नए नियम के अनुसार, अगर किसी कलाकार ने एक साल में दो शानदार परफॉर्मेंस दी हैं, तो उसे एक ही कैटेगरी में दो बार नॉमिनेट किया जा सकता है. 

AI के सहारे बनी परफॉर्मेंस होंगी बाहर

आज के समय में फिल्मों में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. कई फिल्मों में तकनीक के जरिए किरदारों को और बेहतर दिखाया जाता है. लेकिन अकादमी अवॉर्ड ने इस पर सख्त रुख अपनाया है. नए नियम के मुताबिक, AI से प्रभावित एक्टिंग या लेखन को अब अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट नहीं किया जाएगा. इसका मतलब साफ है कि असली टैलेंट और नैचुरल परफॉर्मेंस को ही प्राथमिकता दी जाएगी. यह कदम फिल्म इंडस्ट्री में ऑरिजिनल क्रिएटिविटी को बढ़ावा देगा.

इंटरनेशनल कैटेगरी में भारत के लिए मौका

सबसे बड़ा और खास बदलाव बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में किया गया है. पहले हर देश केवल एक ही फिल्म को ऑस्कर्स के लिए भेज सकता था. लेकिन अब नए नियम के तहत एक देश एक से ज्यादा फिल्मों को भी सबमिट कर सकता है. यह बदलाव भारत के लिए किसी बड़े मौके से कम नहीं है. अब भारत एक ही साल में अपनी दो बेहतरीन फिल्मों को ऑस्कर्स की रेस में भेज सकता है. इससे भारतीय सिनेमा की ग्लोबल पहचान और मजबूत हो सकती है.

भारत के लिए क्यों है यह गेम चेंजर

भारत हर साल ऑस्कर्स में अपनी एक फिल्म भेजता रहा है. लेकिन कई बार ऐसी स्थिति बनती थी कि कई अच्छी फिल्मों में से सिर्फ एक को ही मौका मिल पाता था. अब नए नियम के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी. अगर एक ही साल में अलग अलग भाषाओं या अलग तरह की दो बेहतरीन फिल्में बनती हैं, तो दोनों को इंटरनेशनल लेवल पर मौका मिल सकता है. इससे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए नए दरवाजे खुल सकते हैं.

कब होगा ऑस्कर्स 2027?

ऑस्कर 2027 का आयोजन 14 मार्च 2027 को किया जाएगा. इसी संस्करण से ये सभी नए नियम लागू हो जाएंगे. ऑस्कर्स अब अपने 100 साल पूरे करने के बेहद करीब है. ऐसे में यह बदलाव आने वाले समय के लिए एक नई दिशा तय करते नजर आ रहे हैं.