US Israel Iran War

पीएम मोदी का बड़ा दिल! कभी 'गड्ढे में गाड़ने' की धमकी देने वाले अजय राय के लिए किया पोस्ट, लोग बोले- 'यही है बड़प्पन'

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अचानक तबीयत खराब होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. प्रतिद्वंद्विता के बीच पीएम के इस मानवीय व्यवहार की काफी प्रशंसा हो रही है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

लखनऊ: राजनीति में प्रतिद्वंद्विता अक्सर कड़वाहट पैदा कर देती है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर साबित किया है कि मानवीय संवेदनाएं किसी भी विचारधारा से ऊपर होती हैं. वाराणसी में उनके खिलाफ तीन बार चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता अजय राय जब अचानक बीमार हुए, तो पीएम ने सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य के लिए चिंता जताई. यह कदम न केवल राजनीतिक शिष्टाचार का उदाहरण है, बल्कि सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और आचरण के नियमों को भी मजबूती देता है.

दरअसल, लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई. उनकी बिगड़ती हालत देख समर्थकों ने उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ICU में वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. अजय राय की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई. जिसके बाद प्रधानमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके प्रति सहानुभूति व्यक्त की.

मोदी के खिलाफ 'गड्ढा' वाली पुरानी धमकी 

अजय राय और पीएम मोदी के बीच का राजनीतिक इतिहास काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. 2022 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अजय राय ने एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने मोदी और योगी को 'गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ने' की धमकी दी थी.  इस तरह के तीखे बयानों और चुनावी संघर्षों के बावजूद प्रधानमंत्री ने पुराने कड़वे अनुभवों को किनारे रखकर एक स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय दिया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है.

वाराणसी में तीन बार का चुनावी संघर्ष 

अजय राय ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में वाराणसी से प्रधानमंत्री मोदी को कड़ी चुनौती दी है. हालांकि वह हर बार चुनाव हारे, लेकिन हर बार उनके मत प्रतिशत में सुधार देखा गया. 2024 में उन्होंने पीएम मोदी को सबसे कड़ी टक्कर दी, जहां जीत का अंतर घटकर लगभग 1.52 लाख वोटों पर आ गया. यह चुनावी मैदान में उनकी सक्रियता को दर्शाता है. जिसके चलते वह काशी की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा बने हुए हैं.

पीएम मोदी की संवेदनशीलता की चर्चा

प्रधानमंत्री ने संभवतः पहली बार अजय राय को व्यक्तिगत रूप से टैग करते हुए ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला है और वह उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. सोशल मीडिया यूजर्स इस बात की सराहना कर रहे हैं कि पीएम ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी पहले अजय राय की सुध ली. इसे भारतीय राजनीति में व्यक्तिगत शिष्टाचार और संवेदनशीलता की जीत माना जा रहा है.