मुंबई: हॉलीवुड के लिए नया साल बेहद दुखद खबर लेकर आया है. ऑस्कर विजेता अभिनेता टॉमी ली जोन्स की 34 वर्षीय बेटी विक्टोरिया काफ्का जोन्स की मौत हो गई है. उन्हें 1 जनवरी 2026 की सुबह सैन फ्रांसिस्को के मशहूर फेयरमॉंट होटल में मृत अवस्था में पाया गया. यह खबर सामने आते ही पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार विक्टोरिया को होटल के हॉलवे में बेहोश पाया गया. सैन फ्रांसिस्को फायर डिपार्टमेंट को सुबह करीब 2:52 बजे मेडिकल इमरजेंसी की कॉल आई. पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे और जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद सैन फ्रांसिस्को पुलिस डिपार्टमेंट और मेडिकल एक्जामिनर की टीम को घटनास्थल सौंप दिया गया. फिलहाल मौत का कारण पता नहीं चला है और जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि किसी तरह की गड़बड़ी या फाउल प्ले की आशंका नहीं है. विक्टोरिया टॉमी ली जोन्स और उनकी दूसरी पत्नी किम्बरली क्लफली की बेटी थीं. टॉमी और किम्बरली की शादी 1981 से 1996 तक चली थी. इस दौरान उनका एक बेटा ऑस्टिन लियोनार्ड जोन्स भी है, जो अब 43 साल का है. विक्टोरिया का जन्म 3 सितंबर 1991 को हुआ था.
बचपन में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. उन्होंने पिता के साथ 'मेन इन ब्लैक II' (2002) में काम किया और 2005 में टॉमी द्वारा निर्देशित फिल्म 'द थ्री ब्यूरियल्स ऑफ मेल्क्वियाडेस एस्ट्राडा' में भी नजर आईं. इसके अलावा टीवी सीरीज 'वन ट्री हिल' में भी एक एपिसोड किया. हालांकि बड़े होने पर उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली और कम ही पब्लिक में दिखती थीं.वह अक्सर पिता के साथ रेड कार्पेट इवेंट्स पर नजर आती थीं.
टॉमी ली जोन्स हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता हैं. उन्होंने 'द फ्यूजिटिव' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का ऑस्कर जीता है. 'नो कंट्री फॉर ओल्ड मेन', 'मेन इन ब्लैक' सीरीज, 'जे एफ के' और 'लिंकन' जैसी फिल्मों से उन्हें दुनिया भर में पहचान मिली. 79 साल के टॉमी की मौजूदा पत्नी डॉन लॉरेल-जोन्स हैं, जिनसे उनकी शादी 2001 से है. फैंस और सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर रहे हैं.