मुंबई: बॉलीवुड के दमदार अभिनेता नाना पाटेकर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. 76 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस देखकर फैंस हैरान हैं. हाल ही में उनका एक वर्कआउट वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वो आसानी से एक्सरसाइज करते नजर आ रहे हैं.
फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर अतुल कस्बेकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया. वीडियो में नाना पाटेकर ट्राइसेप डिप्स करते दिख रहे हैं. वो टैन कलर की शॉर्ट्स, सफेद बनियान और गले में गमछा डाले हुए बार्स पर बिना किसी परेशानी के डिप्स कर रहे हैं. एक्सरसाइज पूरी करने के बाद उनके चेहरे पर थकान का नामोनिशान तक नहीं है, बल्कि वो मुस्कुराते हुए नजर आए.
अतुल कस्बेकर ने कैप्शन में लिखा- 'अहो नाना साहेब...!!! आपने तो मेरे फिटनेस गोल्स ही बदल दिए! ये हैं नाना पाटेकर जी. इनकी उम्र 76 साल है और ये आराम से बार्स पर ट्राइसेप डिप्स कर रहे हैं. इन्होंने पूरे 15 डिप्स किए (मैंने रिकॉर्डिंग थोड़ी देर से शुरू की थी). क्या गजब के लेजेंड हैं!' वीडियो देखकर फैंस की तारीफों का सिलसिला थम नहीं रहा. कई लोग कमेंट में लिख रहे हैं- 'उदय भाई अभी भी फिट हैं', 'नाना जी इंस्पिरेशन हैं', '76 में भी इतनी एनर्जी, सलाम!'
कुछ यूजर्स तो कह रहे हैं कि युवाओं को भी इनसे सीखना चाहिए. नाना पाटेकर बॉलीवुड के उन चुनिंदा कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने हमेशा अपनी मेहनत और डेडिकेशन से सबको प्रभावित किया है. 'क्रांति', 'परिंदा', 'अग्निसाक्षी', 'खामोशी' जैसी फिल्मों में उनकी जबरदस्त एक्टिंग आज भी याद की जाती है. वे न सिर्फ फिल्मों में बल्कि रियल लाइफ में भी अनुशासन और फिटनेस के प्रतीक माने जाते हैं.
यह वीडियो युवा पीढ़ी के लिए बड़ा मोटिवेशन बन गया है. फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि नाना जी जल्द ही कोई नई फिल्म में नजर आएं. फिलहाल उनका यह फिटनेस वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है और हर कोई उनकी तारीफ में व्यस्त है.