लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब बनाएगा सेलेब्स के कर्मचारियों को निशाना? नया ऑडियो मैसेज मिलने से मचा हड़कंप
सुपरस्टार रणवीर सिंह और मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से नई धमकी मिली है. गैंग के कथित सदस्य हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो मैसेज जारी किया है, जिसमें दोनों को पुलिस में शिकायत करने के लिए चेतावनी दी गई है.
मुंबई: बॉलीवुड में एक बार फिर सनसनी फैल गई है. सुपरस्टार रणवीर सिंह और मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से नई धमकी मिली है. गैंग के कथित सदस्य हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो मैसेज जारी किया है, जिसमें दोनों को पुलिस में शिकायत करने के लिए चेतावनी दी गई है. यह धमकी हाल ही में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद आई है. उस घटना के बाद रणवीर सिंह ने रोहित शेट्टी को पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी थी, जिससे गैंग नाराज हो गया.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब बनाएगा सेलेब्स के कर्मचारियों को निशाना?
ऑडियो में हैरी बॉक्सर ने रणवीर सिंह को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने रोहित शेट्टी को पुलिस जाने की सलाह दी, लेकिन 'तुम्हारी अगली सात पीढ़ियां भी हमें कुछ नहीं कर पाएंगी.' धमकी में और भी खौफनाक बातें कही गई हैं. गैंग ने दावा किया है कि उन्हें रणवीर और रोहित के मैनेजर्स के घर, उनकी रोजमर्रा की गतिविधियां और परिवारों के ठिकाने तक की पूरी जानकारी है.
मैसेज में चेतावनी दी गई है कि अगर वे अपना रवैया नहीं बदलते, तो पहले उनके मैनेजर्स और स्टाफ को निशाना बनाया जाएगा. गैंग ने कहा- 'हम तुम्हारे पूरे स्टाफ को खत्म कर देंगे.' साथ ही पुर्तगाल में भारतीय पासपोर्ट जब्त होने से जुड़ी एक हालिया फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली गई है. यह पहली बार नहीं है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बॉलीवुड सेलेब्स को टारगेट किया है. इससे पहले भी कई धमकियां सामने आई हैं, लेकिन यह नया ऑडियो सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने इस ऑडियो का संज्ञान लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि ऑडियो मीडिया के जरिए ही उन्हें मिला है. वे इसकी असलियत जांच रहे हैं कि यह वाकई गैंग का है या फिर कोई कॉपीकैट क्रिमिनल या AI से बनाया गया फेक मैसेज तो नहीं. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आजकल AI की मदद से ऐसे धमकी भरे ऑडियो आसानी से बनाए जा सकते हैं, इसलिए असली और नकली में फर्क करना मुश्किल होता है. फिर भी वे पूरी गंभीरता से जांच कर रहे हैं.
रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और दोनों सेलेब्स के स्टाफ को भी अलर्ट कर दिया गया है. यह घटना बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है. गैंगस्टरों की धमकियां अब सिर्फ एक्सटॉर्शन तक नहीं, बल्कि स्टाफ और परिवारों को भी निशाना बनाने की बात कर रही हैं. उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश करेगी और सेलेब्स को सुरक्षित रखेगी.