'शादी की भी होनी चाहिए एक्सपायरी डेट', ट्विंकल के वायरल 'चीटिंग' बयान के बाद बोलीं काजोल

'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' के फिनाले एपिसोड में काजोल का बयान कि 'शादी की एक एक्सपायरी डेट और रिन्युअल ऑप्शन होना चाहिए' चर्चा में है. इस पर ट्विंकल, विक्की और कृति उनसे असहमत दिखे.

social media
Kuldeep Sharma

मुंबई: अमेजन प्राइम वीडियो के लोकप्रिय शो 'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' का फिनाले एपिसोड रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है. इस एपिसोड में विक्की कौशल और कृति सेनन मेहमान बनकर पहुंचे, लेकिन चर्चा का केंद्र बनीं काजोल. 

शो में काजोल ने शादी को लेकर ऐसा बयान दिया जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. उन्होंने कहा कि शादी को एक 'एक्सपायरी डेट' और 'रिन्युअल ऑप्शन' के साथ आना चाहिए, ताकि लोग अनावश्यक रूप से रिश्तों में न फंसे रहें.

शादी पर काजोल का 'एक्सपायरी डेट' वाला बयान

एपिसोड के दौरान ट्विंकल खन्ना ने पूछा, 'क्या शादी की कोई एक्सपायरी डेट और रिन्युअल ऑप्शन होना चाहिए?' इस सवाल पर काजोल ने हां में जवाब दिया, जबकि ट्विंकल, विक्की और कृति ने असहमति जताई. काजोल ने कहा, 'हां, बिल्कुल होना चाहिए. कौन गारंटी देता है कि आप सही व्यक्ति से सही समय पर शादी कर रहे हैं? अगर एक्सपायरी डेट होगी तो कोई लंबे समय तक नहीं झेलेगा.'

'ये शादी है, वॉशिंग मशीन नहीं'

काजोल के विचार सुनकर ट्विंकल खन्ना ने हंसी में कहा, 'नहीं, ये शादी है, वॉशिंग मशीन नहीं.' हालांकि काजोल ने ट्विंकल को समझाने की कोशिश की कि यह व्यवस्था लोगों को राहत दे सकती है. इस पर सेट पर मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे, जबकि दर्शकों को यह विचार सोचने पर मजबूर कर गया कि क्या रिश्तों को भी 'रिन्युअल' की जरूरत होती है.

पैसे और खुशियों पर बहस

इसके बाद बातचीत का रुख 'पैसे और खुशियों' की ओर मुड़ा. इस सवाल पर ट्विंकल और विक्की ने माना कि पैसा खुशी दे सकता है, जबकि काजोल ने असहमति जताई. उन्होंने कहा, 'जितना ज्यादा पैसा होता है, वो असली खुशी को सुन्न कर देता है. पैसा सीमित स्तर तक ही सुकून दे सकता है.' कृति सेनन ने भी माना कि कुछ हद तक पैसा खुशी दे सकता है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है.

दोस्ती और रिश्तों पर ट्विंकल का बयान

शो में जब सवाल पूछा गया, 'क्या बेस्ट फ्रेंड्स को एक-दूसरे के एक्स से डेट नहीं करना चाहिए?', ट्विंकल ने तुरंत हामी भरी. उन्होंने कहा, 'मेरी दोस्ती किसी भी आदमी से ज्यादा कीमती है. वो कहीं भी मिल जाएगा.' इसी दौरान ट्विंकल ने मजाक में कहा, 'हम दोनों का एक एक्स कॉमन है, लेकिन हम बता नहीं सकते.' इस पर काजोल ने हंसते हुए कहा, 'शट अप, प्लीज़,' और पूरा सेट ठहाकों से गूंज उठा.

जनरेशनल गैप पर ट्विंकल की राय

यह पहली बार नहीं है जब शो के किसी एपिसोड में ऐसा बयान चर्चा में आया हो. इससे पहले जाह्नवी कपूर और करण जौहर के एपिसोड में 'इमोशनल बनाम फिजिकल इंफिडेलिटी' पर बहस हुई थी. ट्विंकल ने तब कहा था, 'हम 50 की उम्र में हैं और जाह्नवी 20 की. उसे भी वक्त के साथ समझ आएगा- रात गई, बात गई.'

'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' का फिनाले कब और कहां

'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' का फिनाले एपिसोड, जिसमें विक्की कौशल और कृति सेनन मेहमान होंगे, गुरुवार से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा. शो का यह हिस्सा अब तक का सबसे चर्चित एपिसोड माना जा रहा है, जहां मजाक, विचार और विवाद एक साथ देखने को मिलेंगे.