वैलेंटाइन डे पर जैकलीन फर्नांडिस को हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का वादा, तिहाड़ में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर का नहीं उतर रहा 'इश्क का भूत'
एक बार फिर जेल में बंद सुकेश ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को प्यार का ऐसा तोहफा देने का दावा किया है, जो सुनकर हर कोई हैरान रह गया. इस बार उन्होंने जैकलीन को लग्जरी एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने की बात कही है.
मुंबई: जेल में बंद सुकेश ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को प्यार का ऐसा तोहफा देने का दावा किया है, जो सुनकर हर कोई हैरान रह गया. इस बार उन्होंने जैकलीन को लग्जरी एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने की बात कही है. साथ ही जेल से ही एक लंबा, भावुक प्रेम-पत्र लिखा है, जिसमें प्यार, मिसिंग और माफी के शब्द भरे पड़े हैं. दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन केस में आरोपी हैं. लेकिन वैलेंटाइन डे जैसे खास मौके पर भी उनका प्यार थमा नहीं.
वैलेंटाइन डे पर महाठग सुकेश ने फिर लुटाया जैकलीन पर प्यार
उन्होंने जैकलीन को 'माई बेबी बोम्मा' बुलाते हुए पत्र लिखा. पत्र में सुकेश ने लिखा है कि वो 'ठंडी दीवारों और लोहे की सलाखों' से अलग हैं, लेकिन उनका प्यार हर दूरी को पार कर जाता है. वो जैकलीन को मिस करते हुए कहते हैं कि वो 'रेगिस्तान में भटके इंसान की तरह' उन्हें याद करते हैं. सबसे बड़ा सरप्राइज तो हेलीकॉप्टर का वादा है.
सुकेश का दावा है कि ये ब्लैक कलर का लग्जरी हेलीकॉप्टर है, जिसके बाहर और अंदर 'JF' (जैकलीन फर्नांडिस के इनिशियल्स) गए हैं. उन्होंने कहा कि इसका इंटीरियर और एक्सटीरियर उनके पहले दिए गए जेट और यॉट से मैचिंग रखा गया है. ये हेलीकॉप्टर जैकलीन को रिमोट लोकेशंस पर फिल्म शूटिंग के लिए या मुंबई के ट्रैफिक से ऊपर उड़ने में मदद करेगा.
'ये मेरी मेहनत की कमाई से खरीदा गया'
खास बात ये कि सुकेश ने जोर देकर कहा- 'ये मेरी मेहनत की कमाई से खरीदा गया है, किसी कथित क्राइम से नहीं.' पत्र में सुकेश ने जैकलीन से माफी भी मांगी. उन्होंने लिखा- 'मैं उन कानूनी परेशानियों, शर्मिंदगी और स्ट्रेस के लिए गहराई से माफी मांगता हूं, जो तुमने सिर्फ इसलिए झेली क्योंकि तुम मुझसे सच्चा प्यार करती हो.' वो बड़े-बड़े वादे करते हैं कि जल्द ही सब ठीक हो जाएगा और वो एक-दूसरे को करीब से गले लगाएंगे.' मैं तुम्हें सितारों के नीचे गले लगाकर मीठी-मीठी बातें कहना चाहता हूं.' जैसे रोमांटिक लाइन्स से पत्र भरा पड़ा है.
बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है जब सुकेश ने जेल से जैकलीन को महंगे गिफ्ट्स का दावा किया हो. पहले भी उन्होंने कई बार ऐसे सरप्राइज दिए हैं, लेकिन जैकलीन ने हमेशा इनसे दूरी बनाए रखी है और कहा है कि उनका सुकेश से कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं है. फिर भी सुकेश का ये प्यार वाला ड्रामा बॉलीवुड और मीडिया में हर बार ट्रेंड बन जाता है.