मशहूर इन्फ्लुएंसर अनुनय सूद का निधन, 32 साल की उम्र में तोड़ा दम
दुबई में रहने वाले मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का 32 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया. सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनकी प्रेरणादायक यात्रा और जीवनशैली को फॉलो करते थे.
मुंबई: ट्रैवल और फोटोग्राफी की दुनिया में मशहूर नाम अनुनय सूद का 32 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. दुबई में रह रहे अनुनय अपने शानदार फोटोग्राफ्स और ट्रैवल वीडियोज के लिए जाने जाते थे. उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 3.8 लाख सब्सक्राइबर्स थे. उनके निधन की खबर ने ट्रैवल कम्युनिटी और सोशल मीडिया पर गहरा शोक पैदा कर दिया है.
अनुनय सूद के परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक बयान जारी किया, जिसमें लिखा था- 'बेहद दुख के साथ हमें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की खबर साझा करनी पड़ रही है. इस कठिन समय में हम आपसे सहानुभूति और गोपनीयता बनाए रखने का अनुरोध करते हैं. कृपया उनके परिवार और प्रियजनों को अपनी प्रार्थनाओं में रखें. उनकी आत्मा को शांति मिले.' पोस्ट के बाद उनके फॉलोअर्स और दोस्तों ने कमेंट सेक्शन में श्रद्धांजलि और शोक संदेशों की बाढ़ ला दी.
कौन थे सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर अनुनय?
अनुनय सूद सिर्फ एक ट्रैवलर नहीं, बल्कि एक जीवन को जीने वाला कलाकार थे. उन्होंने एक बार न्यूज़18 से बातचीत में अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए कहा था, 'स्पीति घाटी में एक नए यात्री के रूप में मेरे साथ एक रोमांचक घटना हुई जिसने मुझे जिंदगी का बड़ा सबक दिया. मैं रास्ता भटक गया था और बर्फीली नदी पार करनी पड़ी. वह अनुभव मुश्किल था, लेकिन उसी ने मुझे सिखाया कि हर गलती हमें कुछ न कुछ सिखा सकती है.' यह विचार उनकी जिंदगी और सफर की असली पहचान बन गया था.
लाखों युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
अनुनय सूद उन इन्फ्लुएंसर्स में से थे जिन्होंने सोशल मीडिया को सिर्फ फोटो और लाइक्स का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि प्रेरणा देने का जरिया बनाया. उनके वीडियो और पोस्ट युवाओं को जीवन, यात्रा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करते थे. वे अक्सर कहा करते थे कि 'हर सफर हमें खुद से मिलाने का एक तरीका है.'
उनकी अचानक मृत्यु से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है. लोग उनके पुराने पोस्ट शेयर कर भावनात्मक संदेश लिख रहे हैं. कई ट्रैवल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स ने लिखा कि अनुनय सूद का जाना ट्रैवल इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
और पढ़ें
- एक ही फिल्म में निभाए थे 9 अलग-अलग किरदार, कौन है वो एक्टर जिसने कर दी थी अपनी मौत की भविष्यवाणी
- 113 मिनट की हॉरर फिल्म, 18+ऑडिंयश फिर भी थामा का बॉक्स ऑफिस पर बजा रही बैंड, 3 दिनों में छाप डाले करोड़ों
- तीसरे हफ्ते भी चला थामा का जादू! क्या मैडॉक हॉरर यूनिवर्स की फिल्म तोड़ पाएगी ‘स्त्री’ का रिकॉर्ड