मुंबई: सुपरहिट 'डॉन' सीरीज की तीसरी फिल्म को लेकर चल रहे विवादों के बीच निर्देशक फरहान अख्तर ने आखिरकार चुप्पी तोड़ी है. रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने और 40 करोड़ रुपये के मुआवजे वाले विवाद के बाद फरहान ने साफ कहा कि डॉन 3 पर्दे पर जरूर आएगी.
फरहान अख्तर ने हाल ही में इस पूरे मामले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी. बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा- 'मैंने इस पूरे अनुभव से यह सीखा है कि फिल्मों में 'Expect The Unexpected' यानी अप्रत्याशित की उम्मीद करनी चाहिए. जब तक कोई चीज फिल्म में उतर नहीं जाती, तब तक उसे पक्का मान लेना गलती है.'
क्या है पूरा विवाद?
डॉन 3 की घोषणा साल 2023 में हुई थी. रणवीर सिंह को डॉन का नया अवतार बनाया गया था, जबकि कियारा आडवाणी को फिल्म की लीड एक्ट्रेस चुना गया था. एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फरहान अख्तर खुद इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे थे. लेकिन पिछले कई महीनों से फिल्म की शूटिंग बार-बार टलती रही.
हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रणवीर सिंह क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से फिल्म से बाहर हो गए. इसके बाद फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के पास शिकायत दर्ज कराई और रणवीर सिंह से 40 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा. इस खबर ने पूरे फिल्मी जगत में तहलका मचा दिया.
विवाद के बीच फरहान अख्तर ने दर्शकों को आश्वस्त किया कि डॉन 3 की कहानी पर्दे पर जरूर दिखेगी. लेकिन इससे फिल्म की पूरी कहानी रुक नहीं सकती. फरहान का यह बयान ऐसे समय आया है जब फिल्म इंडस्ट्री में इस विवाद को लेकर काफी चर्चा हो रही है. कई लोग मान रहे हैं कि फरहान जल्द ही नया लीड एक्टर चुनकर फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं.
फिलहाल फरहान और रितेश सिधवानी डॉन 3 को लेकर काफी गंभीर नजर आ रहे हैं. उन्होंने साफ संकेत दिया है कि भले ही कोई भी एक्टर फिल्म छोड़ दे, लेकिन डॉन की कहानी आगे बढ़ेगी. दर्शक सालों से डॉन 3 का इंतजार कर रहे हैं. शाहरुख खान की डॉन 2 के बाद यह सीरीज का अगला हिस्सा है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है.
अब देखना यह होगा कि फरहान अख्तर डॉन 3 के लिए किस नए हीरो को चुनते हैं और फिल्म कब फ्लोर पर जाती है. फिल्मी दुनिया में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ डॉन 3 विवाद अब एक नई मोड़ पर पहुंच गया है. फरहान अख्तर के बयान से साफ है कि वे इस प्रोजेक्ट को किसी भी कीमत पर छोड़ने वाले नहीं हैं.