menu-icon
India Daily

'तुम्हारी याद आ रही थी', सुबह 4 बजे पत्नी से फोन पर की बात, घंटे भर बाद आई कॉस्टेबल की मौत की खबर

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में SAF के 40 वर्षीय कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. मौत से ठीक पहले उन्होंने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल कर कहा था कि उनकी याद आ रही है. घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'तुम्हारी याद आ रही थी', सुबह 4 बजे पत्नी से फोन पर की बात, घंटे भर बाद आई कॉस्टेबल की मौत की खबर
Courtesy: grok

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तैनात स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली. सेकंड बटालियन में क्वार्टर गार्ड पर तैनात कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी (40) ने सुबह करीब पांच बजे अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. घटना सबसे ज्यादा इसलिए चौंकाने वाली है क्योंकि मौत से महज घंटे भर पहले उन्होंने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी और कहा था कि उनकी याद आ रही है. इस घटना ने पूरे SAF कैंपस में शोक की लहर फैला दी है.

सुबह 4 बजे पत्नी को वीडियो कॉल

कुलदीप अनुरागी ने सुबह करीब साढ़े चार बजे अपनी पत्नी प्रियंका से वीडियो कॉल किया. उन्होंने सामान्य हालचाल पूछा और कहा कि वह सुबह पांच बजे तक घर आ जाएंगे. जब पत्नी ने कॉल का कारण पूछा तो कुलदीप ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, 'बस तुम्हारी याद आ रही थी.' यह उनकी आखिरी बातचीत थी. कुछ देर बाद ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी.

ड्यूटी के दौरान की घटना

कुलदीप की ड्यूटी रात दो बजे से सुबह छह बजे तक क्वार्टर गार्ड पर थी. सुबह पांच बजे अचानक गोली की आवाज सुनकर अन्य जवान दौड़े आए. उन्होंने कुलदीप को कुर्सी पर बैठे हुए घायल हालत में पाया. उनके सीने से खून बह रहा था और पास में उनकी सर्विस राइफल पड़ी हुई थी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

परिवार में पत्नी और दो बच्चे

मृतक कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी मूल रूप से छतरपुर जिले के नौगांव के रहने वाले थे. वे वर्ष 2005 में SAF में भर्ती हुए थे और अपने सेवा काल में दतिया, शिवपुरी और ग्वालियर में तैनात रहे. उनकी शादी को करीब 17 साल हो चुके थे. उनके परिवार में पत्नी प्रियंका अनुरागी, 16 वर्षीय बेटा वीर और 15 वर्षीय बेटी अनाया शामिल हैं. दोनों बच्चे केंद्रीय विद्यालय में दसवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं.

पत्नी ने बताया आखिरी बातचीत

पत्नी प्रियंका अनुरागी ने बताया कि कुलदीप ने कभी नौकरी या परिवार को लेकर कोई शिकायत नहीं की थी. वह जिम्मेदार और परिवार से बहुत लगाव रखने वाले व्यक्ति थे. प्रियंका ने कहा कि उन्हें अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनके पति ने यह कदम उठा लिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आत्महत्या के कारण अज्ञात हैं.