'धुरंधर 2' को मिलेगी पैन-इंडिया रिलीज, ईद 2026 पर हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में आएगी फिल्म

फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है. यह दो भागों वाली फिल्म है और पहला भाग 2025 की सबसे बड़ी हिट बन चुका है. अब मेकर्स ने सीक्वल 'धुरंधर 2' की बड़ी घोषणा की है. यह फिल्म ईद 2026 पर रिलीज होगी और इस बार पैन-इंडिया स्तर पर आएगी.

x
Antima Pal

मुंबई: रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है. यह दो भागों वाली फिल्म है और पहला भाग 2025 की सबसे बड़ी हिट बन चुका है. अब मेकर्स ने सीक्वल 'धुरंधर 2' की बड़ी घोषणा की है. यह फिल्म ईद 2026 पर रिलीज होगी और इस बार पैन-इंडिया स्तर पर आएगी. 'धुरंधर' ने सिर्फ हिंदी में रिलीज होकर ही रिकॉर्ड तोड़े हैं.

19 दिनों में फिल्म ने भारत में करीब 590 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और वर्ल्डवाइड 925 करोड़ के पार पहुंच गई है. यह 2025 की सबसे ज्यादा कमाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस की है, जो पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड में घुसपैठ करता है.

'धुरंधर 2' को मिलेगी पैन-इंडिया रिलीज

रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे हैं. डायरेक्टर आदित्य धर हैं, जिन्होंने 'उरी' जैसी हिट दी थी. पहले भाग की सफलता के बाद साउथ इंडिया से जबरदस्त डिमांड आई. दर्शकों ने सोशल मीडिया और वर्ड ऑफ माउथ से फिल्म को इतना पसंद किया कि साउथ के डिस्ट्रीब्यूटर्स ने डब्ड वर्जन मांगा. हालांकि पहला भाग सिर्फ हिंदी में रिलीज हुआ था. 

इन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

अब मेकर्स ने फैसला किया है कि 'धुरंधर 2' हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी एक साथ रिलीज होगी. यह 19 मार्च 2026 को ईद के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी. यह फैसला साउथ ऑडियंस की मांग पर लिया गया है. फिल्म की पोस्ट-प्रोडक्शन चल रही है और यह 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक होगी. रणवीर सिंह फिर मुख्य रोल में होंगे. सपोर्टिंग कास्ट में संजय दत्त, माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार वापसी कर सकते हैं. 

कहानी पहली फिल्म से आगे बढ़ेगी, जहां रणवीर का किरदार बड़ा मिशन पूरा करेगा. ईद का मौका बड़ा फेस्टिवल है, इसलिए बॉक्स ऑफिस पर धमाका होने की उम्मीद है. लेकिन इस दिन यश की 'टॉक्सिक' और कुछ अन्य फिल्में भी रिलीज हो सकती हैं, जिससे कड़ा मुकाबला होगा. फिर भी 'धुरंधर' की सफलता देखते हुए सीक्वल और बड़ा हिट साबित हो सकता है.