नई दिल्ली: 80 के दशक की सुपरहिट रोमांटिक फिल्म मैने प्यार किया से घर घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भाग्यश्री रविवार शाम मथुरा में एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार होते होते बच गईं. यह घटना उस समय हुई जब वह दिल्ली से वृंदावन एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यात्रा कर रही थीं.
हादसा मथुरा के नेशनल हाईवे पर जीएलए यूनिवर्सिटी के समीप हुआ. अचानक सड़क पर आई एक नीलगाय से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाग्यश्री जिस इनोवा क्रिस्टा कार में सवार थीं वह तेज रफ्तार में थी. जैसे ही वाहन जीएलए यूनिवर्सिटी के पास पहुंचा तभी अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई. चालक ने जानवर को बचाने की कोशिश की लेकिन संतुलन बिगड़ने से कार नीलगाय से टकरा गई. हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और क्षतिग्रस्त वाहन को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई.
बताया जा रहा है कि अभिनेत्री भाग्यश्री मथुरा स्थित संस्कार स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने जा रही थीं. कार्यक्रम को लेकर आयोजक पहले से तैयारियों में जुटे थे. हादसे की खबर मिलते ही आयोजकों में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई ताकि अभिनेत्री को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके.
हादसे के तुरंत बाद दूसरी गाड़ी मौके पर पहुंचाई गई. इसके जरिए भाग्यश्री को सुरक्षित रूप से वृंदावन के एक लग्जरी होटल में ले जाया गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में अभिनेत्री को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई. उनकी सेहत पूरी तरह ठीक बताई जा रही है और फिलहाल वह चिकित्सकीय रूप से सुरक्षित हैं.