Main Hoon Out: बैटल ऑफ गलवान का 'मैं हूं' रिलीज, वैलेंटाइन डे पर सलमान खान के फैंस को मिला खास तोहफा

सलमान खान की वॉर ड्रामा बैटल ऑफ गलवान का नया रोमांटिक गाना मैं हूं रिलीज हो गया है. इस ट्रैक में चित्रांगदा सिंह भी नजर आ रही हैं. गाना एक सैनिक की जिंदगी में प्यार और दूरी के भाव को दर्शाता है और वैलेंटाइन डे का मूड सेट कर रहा है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बैटल ऑफ गलवान इस साल की मोस्टअवेटेड फिल्मों में गिनी जा रही है. फिल्म डायरेक्टर अपूर्वा लखिया की यह फिल्म गलवान घाटी की घटना पर आधारित है. पहले टीजर और देशभक्ति गीत मातृभूमि के बाद अब फिल्म का रोमांटिक ट्रैक मैं हूं रिलीज किया गया है. इस गाने में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं. वैलेंटाइन डे के मौके पर आया यह गीत फैंस के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

'मैं हूं' सिर्फ एक प्रेम गीत नहीं है, बल्कि यह एक सैनिक के जीवन के भावनात्मक पक्ष को सामने लाता है. गाने में ड्यूटी और घर के बीच की दूरी को दिखाया गया है. जहां एक ओर परिवार के साथ बिताए खुशियों भरे पल हैं, वहीं दूसरी ओर खामोशी और इंतजार भी है. सलमान के पारिवारिक दृश्यों और चित्रांगदा की सादगी भरी मौजूदगी इस लव स्टोरी को गहराई देती है. गाना त्याग और धैर्य की भावना को उजागर करता है.

संगीत और आवाज का जादू

इस ट्रैक को अयान लाल ने कंपोज किया है. आवाज दी है श्रेया घोषाल और अयान लाल ने. गीत के बोल अयान और शब्बीर अहमद ने लिखे हैं. सादगी भरे शब्द और मधुर धुन मिलकर इसे सुकून देने वाला गीत बनाते हैं. गाने की खास बात यह है कि यह युद्ध की पृष्ठभूमि में भी प्यार की कोमल भावना को बनाए रखता है.

फिल्म जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई वास्तविक झड़प पर आधारित है. कहानी भारतीय सेना के साहस और दृढ़ निश्चय को दिखाती है. सलमान खान फिल्म में कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का रोल निभा रहे हैं. उन्हें उनकी बहादुरी के लिए मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था. फिल्म सैनिकों के बलिदान को श्रद्धांजलि देती है.

इस दिन रिलीज होगी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान'

फिल्म की रिलीज फिलहाल 17 अप्रैल तय बताई जा रही है. हालांकि रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि बॉक्स ऑफिस टकराव से बचने के लिए रिलीज आगे बढ़ सकती है. शूटिंग अभी जारी है और कुछ दृश्यों को दोबारा फिल्माने की भी योजना है. मेकर्स चाहते हैं कि दर्शकों को एक मजबूत और संतुलित फिल्म मिले. इसलिए रिलीज डेट को लेकर अंतिम घोषणा का इंतजार किया जा रहा है. मैं हूं के रिलीज के बाद बैटल ऑफ गलवान को लेकर उत्साह और बढ़ गया है. अब देखना होगा कि यह वॉर ड्रामा दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.