IPL 2026

नहीं थम रहा बादशाह का टटीरी गाना विवाद! एक झटके में सोशल मीडिया से हटाए गए सैकड़ों वीडियो

हरियाणा पुलिस ने सिंगर बादशाह के विवादित गाने ततेरी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 857 लिंक हटा दिए हैं. जानिए पूरा मामला और आगे क्या होगा.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: रैपर और सिंगर बादशाह के गाने ततेरी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. हरियाणा पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक सैकड़ों लिंक हटवा दिए हैं. पुलिस का कहना है कि इस गाने में आपत्तिजनक कंटेंट होने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत यह कदम उठाया गया है. हरियाणा पुलिस ने जानकारी दी कि अब तक इस गाने से जुड़े कुल 857 लिंक हटाए जा चुके हैं. इनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं. 

यह कार्रवाई अलग अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर की गई है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि गाने के दोबारा अपलोड किए गए सभी वर्जन पर भी नजर रखी जा रही है.

FIR दर्ज होने के बाद तेज हुई कार्रवाई

इस मामले की शुरुआत 6 मार्च को पंचकूला में दर्ज एक FIR से हुई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गाने में आपत्तिजनक बोल और दृश्य दिखाए गए हैं जो समाज के लिए गलत संदेश देते हैं. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और धीरे धीरे कार्रवाई को तेज किया गया.

महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा का मुद्दा

पुलिस ने अपने बयान में साफ कहा कि यह कार्रवाई महिलाओं और नाबालिगों के सम्मान की रक्षा के लिए की गई है. अधिकारियों के अनुसार इस तरह का कंटेंट समाज में गलत प्रभाव डाल सकता है, इसलिए इसे रोकना जरूरी है. हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी और बढ़ाई जाएगी.

पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि अगर कोई इस गाने का इस्तेमाल करके रील्स या वीडियो बनाता या शेयर करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे साफ है कि प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है. विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर माफी भी मांगी थी. उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें खेद है.