menu-icon
India Daily

14 जून को आएंगे NEET UG री-एग्जाम के एडमिट कार्ड, इस बार मिलेगा 15 मिनट का एक्सट्रा टाइम; शिक्षा मंत्री ने किए बड़े ऐलान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान NEET यूजी पेपर लीक कांड के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए. इस दौरान उन्होंने री-एग्जाम के एडमिट कार्ड और एकसट्रा टाइम के बारे में भी जानकारी दी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
14 जून को आएंगे NEET UG री-एग्जाम के एडमिट कार्ड, इस बार मिलेगा 15 मिनट का एक्सट्रा टाइम; शिक्षा मंत्री ने किए बड़े ऐलान
Courtesy: ANI

देश में NEET यूजी पेपर लीक कांड पर चल रहे विवाद के बीच आज पहली बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपना बयान दिया है. उन्होंने पेपर लीक कराने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है और कहा है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसी के साथ उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर कुछ ऐलान भी किए हैं. 

धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस परीक्षा को दोबारा 21 जून को करवाया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अब परीक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. साथ ही छात्रों और अभिभावकों से NTA द्वारा दिए जा रहे अपडेट पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है और अन्य सोर्स पर निर्भर नहीं रहने के लिए कहा गया है. 

शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस बार जांच तुरंत सीबीआई के हाथों में सौंपी गई है, ताकि जल्द से जल्द इसका पता लगाया जा सके. साथ ही अभी होने वाली परीक्षा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि री-एग्जाम का एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिया जाएगा. साथ ही छात्रों को इस परीक्षा में 15 मिनट का एक्सट्रा टाइम भी दिया जाएगा. 

उन्होंने यह भी कहा कि री-एग्जाम के लिए छात्रों को अपने परीक्षा केंद्र चुनने की छूट दी जाएगी. इसके पीछे के उद्देश्य को लेकर उन्होंने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि छात्रों पर यात्रा करने का बोझ ना बढ़े. इसके अलावा मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने एक बड़ा ऐलान भी किया है. उन्होंने कहा कि अगले साल से नीट परीक्षा को सीबीटी माध्यम में कर दिया जाएगा. अभी तक यह परीक्षा OMR शीट पर होती थी, जिसमें पेपर लीक होने का खतरा ज्यादा था.

परीक्षा कैंसल करने पर क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?

शिक्षा मंत्री ने परीक्षा कैंसल करने के पीछे के तर्क को समझाते हुए कहा कि हमें बड़े उद्देश्य के कारण यह फैसला लेना पड़ रहा है, ताकि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो. उन्होंने एनटीए में सुधार की आवश्यकता को  भी स्वीकार किया है. इससे पहले 2024 में भी परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया था. उन्होंने कहा कि इस मामले को काफी गंभीरता से ली जा रही है और अब किसी भी तरह की गड़बड़ी ना होने की गारंटी भी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि परीक्षा को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर काम किया जा रहा है.