menu-icon
India Daily

NEET UG परीक्षा में प्राइवेट स्कूलों को बाहर का रास्ता, प्रयागराज में सिर्फ सरकारी और नामी संस्थान बनाए गए केंद्र

एनटीए ने नीट यूजी परीक्षा के लिए प्राइवेट स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाने से पूरी तरह बाहर रखा है. प्रयागराज में 20,633 परीक्षार्थियों के लिए 46 केंद्र तय किए गए हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
NEET UG परीक्षा में प्राइवेट स्कूलों को बाहर का रास्ता, प्रयागराज में सिर्फ सरकारी और नामी संस्थान बनाए गए केंद्र
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: नीट यूजी 2026 की परीक्षा रविवार को होने जा रही है. इस बार प्रयागराज जैसे बड़े शहर में भी निजी स्कूलों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षा नकलमुक्त और पारदर्शी तरीके से हो, इसके लिए केवल विश्वसनीय संस्थानों को ही केंद्र चुना गया है. इससे पहले प्राइवेट स्कूलों को अक्सर केंद्र बनाया जाता था, लेकिन अब नीति बदल गई है. 

46 केंद्रों पर होगी परीक्षा

प्रयागराज में कुल 20,633 छात्र परीक्षा देंगे. इनके लिए 46 केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्र सरकारी या प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में हैं. हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. एनटीए की इस सख्ती का मकसद परीक्षा की credibility बढ़ाना और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना है.

किन संस्थानों में होगी परीक्षा

प्रयागराज में परीक्षा के प्रमुख केंद्रों में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि और वाणिज्य विभाग, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज, सीएमपी डिग्री कॉलेज, एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज और हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय पीजी कॉलेज नैनी शामिल हैं. इसके अलावा एमएनएनआईटी, आईआईआईटी झलवा और आईईआरटी जैसे टेक्निकल संस्थान भी केंद्र हैं. राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों को भी प्राथमिकता दी गई है. 

केंद्रीय विद्यालयों को मिला मौका

सीबीएसई के केंद्रीय विद्यालय मनौरी, फाफामऊ, ओल्ड कैंट, न्यू कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट को भी इस बार परीक्षा केंद्र बनाया गया है. इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. निजी संस्थानों को बाहर रखने से परीक्षा प्रक्रिया पर पूरा भरोसा बढ़ा है.

गूगल मैप पर न करें भरोसा

एनटीए ने सभी परीक्षार्थियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे परीक्षा केंद्र की लोकेशन के लिए सिर्फ गूगल मैप पर निर्भर न रहें. कुछ जगहों पर मैप में पिन गलत या अस्पष्ट हो सकता है. छात्रों को एडमिट कार्ड पर दिए पते की खुद भौतिक जांच कर लेनी चाहिए. 

पहले से कर लें रेकी

एनटीए की सलाह है कि छात्र 3 मई को परीक्षा केंद्र का रास्ता पहले से तय कर लें. समय पर पहुंचने के लिए पहले जाकर देख लें. देरी से बचने के लिए वाहन, साथी और मौसम का भी ध्यान रखें. छोटी-सी लापरवाही परीक्षा के दिन परेशानी खड़ी कर सकती है. 

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

अपने एडमिट कार्ड को अच्छे से पढ़ें और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें. परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की कोशिश करें. एनटीए की गाइडलाइंस का पालन करें. इस बार की सख्त व्यवस्था से उम्मीद है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होगी.