CLAT 2026 के रिजल्ट कल होंगे जारी परिणाम, चेक करने के लिए फॉलो करें ये स्टेप

17 दिसंबर, 2025 को CLAT के परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित करेंगे. परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपना परिणाम जल्द देख सकते हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: लॉ की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए अहम खबर है. CLAT 2026 में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी दोनों एक साथ जारी किए जाएंगे.

परिणाम जारी होने के बाद उम्मीदवारों की अखिल भारतीय रैंक और श्रेणी रैंक स्पष्ट हो जाएगी, जिसके आधार पर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

परीक्षा आयोजन और उपस्थिति का विवरण

कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने 7 दिसंबर, 2025 को CLAT 2026 का आयोजन किया था. यह परीक्षा भारत के 25 राज्यों, 93 शहरों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में बनाए गए 156 केंद्रों पर संपन्न हुई. कुल 92,344 पंजीकृत उम्मीदवारों में से स्नातक स्तर पर 96.83 प्रतिशत और स्नातकोत्तर स्तर पर 92.45 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे.

वर्ग

रिजल्ट कहां और कैसे जारी होगा?

CLAT 2026 का रिजल्ट केवल ऑनलाइन माध्यम से जारी किया जाएगा. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाकर लॉगिन करेंगे. लॉगिन करते ही स्क्रीन पर उनका स्कोरकार्ड दिखाई देगा. रिजल्ट के साथ अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी की जाएगी, जिससे उम्मीदवार अपने अंकों को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगे. CLAT 2026 परिणाम की तिथि और समय यहां देखें.

आयोजन

स्कोरकार्ड में दी जाने वाली जानकारी

CLAT 2026 के स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, पिता का नाम, रोल नंबर और आवेदन संख्या दर्ज होगी. इसके अलावा श्रेणी, अनुभागवार अंक, कुल अंक, अखिल भारतीय रैंक और श्रेणी रैंक भी अंकित रहेगी. यही स्कोरकार्ड आगे की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया का आधार बनेगा.

उत्तर कुंजी और आपत्ति प्रक्रिया

कंसोर्टियम ने 10 दिसंबर, 2025 को CLAT 2026 की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की थी. जिन उम्मीदवारों को उत्तरों पर आपत्ति थी, उन्हें 12 दिसंबर शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया था. इन आपत्तियों की समीक्षा के बाद ही अब अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित की जा रही है.

एनएलयू में प्रवेश की राह

CLAT 2026 के परिणाम के आधार पर बीए एलएलबी, बीबीए एलएलबी और बीएससी एलएलबी जैसे पांच वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा. देश के शीर्ष राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए यही रैंक निर्णायक होगी. रिजल्ट के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें उम्मीदवारों को अपनी पसंद के एनएलयू चुनने का मौका मिलेगा.