menu-icon
India Daily

खुलते ही औंधे मुंह गिरा मार्केट! सेंसेक्स 800 अंक टूटा, आईटी शेयरों की बिकवाली से निफ्टी भी फिसला

कमजोर वैश्विक संकेत, आईटी शेयरों में भारी बिकवाली और हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली से बुधवार को शेयर बाजार दबाव में दिखा. सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटा, जबकि निफ्टी 24,350 के करीब फिसल गया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
खुलते ही औंधे मुंह गिरा मार्केट! सेंसेक्स 800 अंक टूटा, आईटी शेयरों की बिकवाली से निफ्टी भी फिसला
Courtesy: grok

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार सुबह तेज गिरावट दर्ज की गई. कमजोर वैश्विक माहौल, अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर बढ़ती चिंता और आईटी शेयरों में बिकवाली ने निवेशकों की धारणा कमजोर कर दी. हालिया तीन दिनों की तेजी के बाद मुनाफावसूली भी बाजार पर भारी पड़ी. सुबह करीब 10:20 बजे सेंसेक्स 825 अंक टूटकर 78,448 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 220 अंक गिरकर 24,357 पर कारोबार करता दिखा.

वैश्विक संकेतों से बढ़ी चिंता

एशियाई बाजारों में कमजोरी रही, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछली रात गिरावट के साथ बंद हुए. मिडिल ईस्ट तनाव को लेकर नई चिंताओं ने वैश्विक निवेशकों को सतर्क कर दिया. बेहतर कॉरपोरेट नतीजों की उम्मीद के बावजूद भू-राजनीतिक तनाव ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया. इसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखा.

आईटी शेयरों में भारी बिकवाली

आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला. निफ्टी आईटी इंडेक्स 3.7 प्रतिशत से ज्यादा गिर गया. एचसीएल टेक में 9.6 प्रतिशत से अधिक की तेज गिरावट आई. कमजोर आउटलुक के चलते इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में भी बिकवाली बढ़ी, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना.

कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर

कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी जरूर आई, लेकिन दाम अभी भी 98 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बने हुए हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और अमेरिका-ईरान हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. ऊंचे तेल दाम भारत जैसे आयातक देशों के लिए चिंता का विषय हैं और इससे बाजार भावना प्रभावित हुई.

हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली

बीते तीन कारोबारी सत्रों में बाजार लगातार मजबूत हुआ था. पिछले सत्र में निफ्टी 200 अंक से ज्यादा चढ़ा था. ऐसे में ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफावसूली की. विश्लेषकों का मानना है कि हालिया तेजी के बाद बाजार में थोड़ी ठहराव की स्थिति स्वाभाविक है.

अस्थिरता बढ़ी, सतर्क निवेशक

निवेशकों की घबराहट का संकेत देने वाला इंडिया VIX 6.6 प्रतिशत बढ़कर 18.69 पर पहुंच गया. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी के लिए 24,550-24,600 के बीच मजबूत रुकावट है, जबकि 24,400-24,300 तत्काल समर्थन क्षेत्र माना जा रहा है. इसके नीचे फिसलने पर और कमजोरी बढ़ सकती है.