menu-icon
India Daily

RBI का बड़ा एक्शन, पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस किया रद्द, अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी

एक प्रेस रिलीज में आरबीआई ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक अब बैंकिंग रेग्युलेशन एक्ट के तहत बैंकिंग का काम नहीं कर सकता.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
RBI का बड़ा एक्शन, पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस किया रद्द, अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी
Courtesy: pinterest

आरबीआई ने पेटीएम के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुआ उसका पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया.  एक प्रेस रिलीज में आरबीआई ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक अब बैंकिंग रेग्युलेशन एक्ट के तहत बैंकिंग का काम नहीं कर सकता.

हाईकोर्ट में करेगा आवेदन

आरबीआई ने कहा कि वह बैंक को बंद करने के लिए हाईकोर्ट में एक आवेदन करेगा. RBI ने यही भी कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के पास बंद होने पर अपनी पूरी जमा देनदारी को चुकाने के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध है.

पेटीएम को लेकर क्या बोला आरबीआई

आरबीआई ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक का संचालन जिस प्रकार से हो रहा था वह बैंक और जमाकर्ता दोनों के लिए नुकसानदेह था और प्रबंधन का आम चरित्र जमाकर्ताओं और आम लोगों के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रस्त था. इसलिए उसे बैंकिंग की सुविधा जारी रखने देना किसी भी प्रकार से जनहित में नहीं था. इन्हीं सब कारणों को देखते हुए पहले बैंक पर प्रतिबंध लगाए गए थे और अब उसका बैंकिंग लाइसेंस ही रद्द कर दिया है.

2024 में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

इससे पहले आरबीआई ने साल 2024 में पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर बड़ी कार्रवाई की थी. केंद्रीय बैंक ने 11 मार्च 2022 को पेटीएम पर पेमेंट्स बैंक में नए ग्राहकों के जोड़ने पर रोक लगा दी थी. बाद में ग्राहक खातों, वॉलेट में जमा, क्रेडिट और टॉप-अप पर भी पाबंदियां लगा दी गईं. इस साथ आरबीआई ने बैंक को नए जमा स्वीकार करना बंद करने का भी आदेश दिया था तब आरबीआई ने कहा था कि यह आदेश नियमों का पालन ना करने के कारण दिया गया है जिसमें ग्राहकों की पूरी जांच पड़ताल, फंड का इस्तेमाल और टेक्निकल स्ट्रक्चर से जुड़े नियम शामिल हैं.

सोमवार को शेयरों में आ सकती है तबाही

पेटीएम पर आरबीआई  के एक्शन के बाद अब निवेशको की नजर सोमवार को पेटीएम के शेयर पर रहेगी. इससे पहले जब साल 2024 में आरबीआई ने पेटीएम पर कार्रवाई की थी तब कंपनी के शेयर बुरी तरह गिरे थे. सोमवार को भी पेटीएम के शेयरों में भारी गिरावट आ सकती है.