IPL 2026

Gold Silver Rate Today: चांदी ने लगाई लंबी छलांग, सोने की कीमतों ने भी डराया; जानिए आज आपके शहर में क्या है नया रेट

सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई. चांदी ने सबसे ज्यादा उछाल मारा. दिल्ली बाजार में चांदी 7,000 रुपये महंगी होकर 2,61,500 रुपये प्रति किलो पहुंच गई.

ANI
Reepu Kumari

Gold Silver Price Today: मदर्स डे रविवार 10 मई को है. ऐसे में अगर आप अपनी प्यारी मां को कोई सोने की चीज गिफ्ट करना चाहते हैं तो आपको अपना बजट भी तैयार कर लेना चाहिए. लगातार सोने-चांदी की कीमतों में बदलाव हो रहे हैं. देशभर के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली. खासतौर पर चांदी ने बड़ी छलांग लगाते हुए निवेशकों और ग्राहकों दोनों का ध्यान खींच लिया. बाजार बंद होने तक चांदी की कीमत में 7,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई. वहीं सोने की कीमतें भी मजबूती के साथ ऊंचे स्तर पर बनी रहीं.

चांदी ने लगातार चौथे दिन दिखाई ताकत

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली बाजार में चांदी 2,61,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. यह लगातार चौथा कारोबारी दिन रहा जब चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई. जानकारों का कहना है कि औद्योगिक मांग बढ़ने से चांदी को मजबूत सपोर्ट मिला है. बाजार में तेजी के कारण निवेशकों की दिलचस्पी भी लगातार बढ़ रही है.

सोने के दाम भी पहुंचे नए ऊंचे स्तर पर

24 कैरेट सोना 600 रुपये की बढ़त के साथ 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक बिना जीएसटी और मेकिंग चार्ज के 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,150 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. 22 कैरेट सोना 1,47,520 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा.

एमसीएक्स पर दिखा अलग ट्रेंड

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोना और चांदी अलग-अलग रुख में कारोबार करते दिखे. जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 4,415 रुपये की तेजी के साथ 2,57,680 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करती नजर आई. दूसरी तरफ सोने में हल्की गिरावट रही और यह 1,52,113 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा.

डिजिटल गोल्ड और सिल्वर खरीदारी फिर शुरू

एमएमटीसी-पीएएमपी ने डिजिटल गोल्ड और सिल्वर की खरीदारी सेवा फिर से शुरू कर दी है. अब ग्राहक गूगल पे, पेटीएम और फोनपे जैसे प्लेटफॉर्म के साथ कंपनी की वेबसाइट और एंड्रॉयड ऐप से भी सीधे खरीदारी कर सकेंगे. कंपनी ने बेहतर यूजर एक्सपीरियंस के लिए वेबसाइट को नए रूप में लॉन्च किया है.