menu-icon
India Daily

'रिकॉर्ड हाई के बाद धड़ाम, फिर उछाल', दिल्ली के बाजार में चमका सोना, 2000 रुपये की तेजी

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुझान के कारण दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई. राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,000 रुपये की तेजी के साथ 1,27,900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया.

Kanhaiya Kumar Jha
'रिकॉर्ड हाई के बाद धड़ाम, फिर उछाल', दिल्ली के बाजार में चमका सोना, 2000 रुपये की तेजी
Courtesy: Gemini AI

नई दिल्ली: अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुझान के कारण बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई. राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,000 रुपये की तेजी के साथ 1,27,900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. यह वृद्धि सोमवार के बंद भाव 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले दर्ज की गई है. 99.5% शुद्धता वाला सोना अब 1,27,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर बिक रहा है.

पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत में कुल मिलाकर 3,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है. सोमवार को बाजार में 99.9% शुद्धता वाला सोना भी 1,300 रुपये बढ़कर 1,25,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि मंगलवार को लाल किले के पास हुए विस्फोट की घटना के बाद एहतियात के तौर पर सर्राफा बाजार बंद रहे.

वैश्विक स्तर पर भी सोने के भाव में स्थिरता

वैश्विक स्तर पर भी सोने के भाव में स्थिरता बनी हुई है. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना लगभग 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है, जिससे घरेलू बाजार में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है.

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने बताया कि अमेरिकी सरकार के दोबारा खुलने की संभावना से बाजार की धारणा मजबूत हुई है. उनके अनुसार, इससे प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के जारी होने का रास्ता खुलेगा, जो दिसंबर में फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसलों के लिए अहम रहेंगे. इन अंतरराष्ट्रीय संकेतों का असर भारतीय बाजारों पर भी देखा जा रहा है.

चांदी के दामों में भी जबरदस्त तेजी

सोने के साथ-साथ बुधवार को चांदी के दामों में भी जबरदस्त तेजी आई. चांदी 5,540 रुपये की बढ़त के साथ 1,61,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई. सोमवार को इसका बंद भाव 1,55,760 रुपये प्रति किलोग्राम था.

विदेशी बाजारों में भी चांदी की कीमतों में सुधार देखा गया. हाजिर सोना जहां 4,127.59 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, वहीं हाजिर चांदी 0.86% की बढ़त के साथ 51.66 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई.

सोना-चांदी की कीमतों में तेजी के क्या हैं कारण?

कुल मिलाकर, वैश्विक बाजार में स्थिरता और अमेरिकी आर्थिक नीतियों को लेकर सकारात्मक उम्मीदों ने सोना-चांदी दोनों के दामों को ऊपर धकेल दिया है. निवेशकों का रुझान फिलहाल इन कीमती धातुओं की ओर बढ़ा हुआ है, जिससे आने वाले दिनों में भी इनके दामों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है.