West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'संविधान में सब लिखा है', ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इंकार करने पर बोले सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल में करारी हार के बाद भी ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है. उनके इस बयान पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि संविधान में सब स्पष्ट है और उसी के अनुसार आगे फैसला होगा.

ai image
Kuldeep Sharma

कोलकाता: पश्चिम बंगाल चुनाव का रिजल्ट तो आ गया है लेकिन अब एक और विवाद राज्य की राजनीति में खड़ा हो गया है. विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वे चुनाव नहीं हारीं, बल्कि उन्हें हराया गया है. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है. अब यह मुद्दा संवैधानिक बहस का रूप लेता जा रहा है.

ममता बनर्जी नहीं देंगी इस्तीफा

ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनके इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को जानबूझकर हराया गया है और यह हार नहीं बल्कि साजिश का नतीजा है. उन्होंने यह भी कहा कि वे राजभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी. ममता ने अपनी पार्टी की नैतिक जीत बताते हुए कहा कि आगे की रणनीति पार्टी के साथ मिलकर तय की जाएगी.

चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी की कई सीटें छीनी गईं हैं और लाखों वोट प्रभावित किए गए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाए कि चुनाव में उनके खिलाफ माहौल बनाया गया. साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग ने निष्पक्ष तरीके से काम नहीं किया है.

सुवेंदु अधिकारी ने किया पलटवार

ममता बनर्जी के इस बयान पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. जब उनसे इस्तीफे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि 'संविधान में सब कुछ लिखा हुआ है.' उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया लेकिन उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि आगे की प्रक्रिया संवैधानिक नियमों के अनुसार होगी.

खुद की सीट भी नहीं बचा सकीं ममता बनर्जी

इस चुनाव में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच भवानीपुर सीट पर सीधा मुकाबला हुआ था. सुवेंदु अधिकारी ने करीब 15 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की है. यह मुकाबला चुनाव के दौरान पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना रहा. चुनाव के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली थी. 

दरअसल, सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच राजनीतिक टकराव नया नहीं है. 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम सीट पर दोनों आमने-सामने थे, जहां सुवेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी. इस बार भी उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत हासिल की है.