बंगाल में आज है दूसरे दौर की वोटिंग के प्रचार का आखिरी दिन, CM योगी की 4 बड़ी जनसभाओं से ममता की बढ़ी टेंशन

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले आज प्रचार का आखिरी दिन है. सीएम योगी आदित्यनाथ चार बड़ी जनसभाएं और रोड शो करेंगे.

Pinterest
Km Jaya

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच रहे हैं. आज उन 142 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है, जिन पर आखिरी चरणों में चुनाव होने हैं. बंगाल में चुनाव प्रचार का शोर आज शाम थम जाएगा. इससे पहले BJP और TMC दोनों ही पार्टियों के कई दिग्गज नेता जमीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते नजर आएंगे.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चुनाव से जुड़े चार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. सुबह से शाम तक वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित करेंगे.

CM योगी का चुनावी कार्यक्रम

वे सुबह 11:50 बजे उत्तर 24 परगना की कल्याणी विधानसभा सीट पर रोड शो करेंगे.
इसके बाद दोपहर 2:05 बजे वे हुगली के धनेखाली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे.
उनका तीसरा कार्यक्रम, एक रोड शो—दोपहर 3:25 बजे कोलकाता की दमदम विधानसभा सीट पर होगा.
दिन का आखिरी कार्यक्रम शाम 4:10 बजे राजारहाट-गोपालपुर में होने वाली एक जनसभा होगी.

कल, PM मोदी ने कोलकाता में एक विशाल रोड शो किया था. रोड शो से पहले PM मोदी ने उत्तरी कोलकाता के ऐतिहासिक थंथनिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की, जबकि ममता बनर्जी अपने ही विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में एक सब्जी मंडी का दौरा करती नजर आईं.

BJP नेता नितिन नवीन ने क्या कहा?

BJP ने बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. उसके सभी स्टार प्रचारक जमीन पर उतरे हुए हैं और उनका पूरा ध्यान सीधे तौर पर ममता सरकार पर केंद्रित है. उत्तर 24 परगना में एक रोड शो के दौरान BJP नेता नितिन नवीन ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने जोर देकर कहा कि 4 मई के बाद TMC के गुंडों को जेल भेजा जाएगा और बंगाल में भारी बहुमत के साथ BJP की सरकार बनेगी. 

इस बीच पुरबा बर्धमान में एक रोडशो के दौरान JP नड्डा ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता चुनावों के दूसरे चरण में एक बार फिर ममता के खिलाफ वोट डालेगी.

BJP के कई वरिष्ठ नेताओं ने क्या लगाया आरोप?

जहां एक तरफ BJP के कई वरिष्ठ नेता ममता बनर्जी और TMC सरकार पर गुंडों को पनाह देने और सिंडिकेट राज चलाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं ममता बनर्जी के भतीजे, अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर BJP और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है. 

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि डायमंड हार्बर के एक होटल के कमरे में चुनाव अधिकारी और BJP के एक उम्मीदवार के बीच एक गुपचुप मीटिंग हुई थी. हालांकि पुलिस ने इस मीटिंग का पर्दाफाश कर दिया.