menu-icon
India Daily

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग का सख्त एक्शन, आज मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर दोबारा हो रहा है मतदान

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में चुनाव आयोग ने मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर की 15 बूथों पर 2 मई को यानी आज दोबारा मतदान का आदेश दिया है. वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है जो शाम 6 बजे तक होगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग का सख्त एक्शन, आज मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर दोबारा हो रहा है मतदान
Courtesy: Pinterest

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए शनिवार 2 मई को मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर की 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है. आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि राज्य चुनाव मशीनरी से मिले इनपुट के आधार पर यह फैसला लिया गया है. इन सभी केंद्रों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है जो शाम 6 बजे तक होगी. 

यह मौजूदा विधानसभा चुनावों में पहली बार है जब रीपोलिंग कराई जा रही है. पश्चिम बंगाल के साथ असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी चुनाव हो रहे हैं, लेकिन अब तक किसी अन्य राज्य में दोबारा मतदान की जरूरत नहीं पड़ी थी. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में भी रीपोलिंग की सिफारिश नहीं की गई थी.

मगराहाट वेस्ट में कितने सीटों पर होगा दोबारा मतदान?

चुनाव आयोग ने 142-मगराहाट वेस्ट विधानसभा सीट के 11 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया है. इनमें यारपुर एफपी स्कूल, नाजरा एफपी स्कूल के दो कमरे, देउला एफपी स्कूल, घोला नयापारा गर्ल्स हाई मदरसा, एकतारा मलाया एफपी स्कूल के कई कमरे और बाहिरपुर कुरकुरिया एफपी स्कूल के तीन कमरे शामिल हैं. इन केंद्रों पर शुरुआती मतदान के दौरान प्रशासनिक और प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं.

डायमंड हार्बर में कितने सीटों पर होगा दोबारा मतदान?

वहीं 143-डायमंड हार्बर विधानसभा सीट के 4 मतदान केंद्रों पर भी दोबारा वोटिंग हो रही है. इनमें बगदा जूनियर हाई स्कूल, चंदा एफपी स्कूल, हांडेपुर एफपी स्कूल और रायनगर एफपी स्कूल शामिल हैं. प्रशासन ने कहा है कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी की गई है.

चुनाव आयोग ने क्या दिए निर्देश?

चुनाव आयोग ने स्थानीय प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों में ढोल बजाकर और अन्य पारंपरिक तरीकों से लोगों को रीपोलिंग की जानकारी दी जाए ताकि मतदाता दोबारा मतदान में हिस्सा ले सकें. संबंधित उम्मीदवारों को भी लिखित सूचना देने के आदेश दिए गए हैं.

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान पूरा हो चुका है. 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण में बाकी 142 सीटों पर वोट डाले गए. केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच चुनाव शांतिपूर्ण रहा.