menu-icon
India Daily

तमिलनाडु में विजय ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कांग्रेस ने इस शर्त पर साथ देने का किया वादा

तमिलनाडु में विजय की टीवीके और कांग्रेस के नए गठबंधन ने अन्नाद्रमुक के साथ वार्ता को पूरी तरह रोक दिया है. भाजपा ने इसे द्रमुक के साथ विश्वासघात बताते हुए दावा किया कि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन अब तेजी से बिखर रहा है.

KanhaiyaaZee
तमिलनाडु में विजय ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कांग्रेस ने इस शर्त पर साथ देने का किया वादा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: तमिलनाडु के सियासी समर में एक बड़ा धमाका हुआ है. अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अंतिम मुहर लगा दी है, जिससे अन्नाद्रमुक के साथ जारी चर्चाओं को स्थगित कर दिया गया है. कांग्रेस ने अपने पुराने और भरोसेमंद साथी द्रमुक (DMK) का हाथ छोड़ दिया है, जिसे लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा ने इसे कांग्रेस की धोखेबाजी की राजनीति का एक और ज्वलंत उदाहरण बताते हुए आलोचना की है.

खबर है कि कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद TVK ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. वही मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस ने समर्थन के एवज में शर्त रखा है कि टीवीके इस गठबंधन से उन सांप्रदायिक ताक़तों को दूर रखे जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं करतीं.

चेन्नई में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर हैं और टीवीके प्रमुख विजय संभवतः 7 या 8 मई को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालेंगे. तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी को इस बड़े अवसर पर आमंत्रित किया है. हालांकि, दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय से अभी इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है कि राहुल गांधी वहां पहुंचेंगे या नहीं. टीवीके ने चुनाव में 108 सीटें हासिल कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है.

अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन पर लगा विराम

कांग्रेस के साथ गठबंधन की खबर आते ही विजय ने अन्नाद्रमुक (AIADMK) के साथ चल रही सीटों के बंटवारे की बातचीत को पूरी तरह से रोक दिया है. सूत्रों के अनुसार, पहले दोनों दलों के बीच एक रणनीतिक सहयोग की बात चल रही थी, लेकिन कांग्रेस के समर्थन ने विजय को एक नई और स्वतंत्र राह दिखाई है. इस फैसले से अन्नाद्रमुक नेतृत्व में बेचैनी है क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि विजय के साथ मिलकर वे एक बड़ी ताकत बन सकेंगे.

भाजपा का आरोप- सहयोगी दल के साथ कांग्रेस ने किया विश्वासघात

भाजपा ने इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है. बुधवार को भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास अपने सहयोगियों को बीच रास्ते में धोखा देने का रहा है. उन्होंने द्रमुक (DMK) के साथ गठबंधन तोड़ने को कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति का प्रमाण बताया. भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस केवल सत्ता के लालच में नए ठिकाने तलाश रही है और उसे अपने पुराने रिश्तों की मर्यादा और जनता के विश्वास की जरा भी परवाह नहीं है.

बिखरता 'इंडिया' गठबंधन और भाजपा का तंज

भाजपा ने विपक्षी 'इंडिया' ब्लॉक पर हमला करते हुए कहा कि यह गठबंधन अब ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है. पार्टी ने दावा किया कि इस गठबंधन के पास न तो कोई ठोस विचारधारा है और न ही देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए कोई विजन. भाजपा के अनुसार, तमिलनाडु में द्रमुक और कांग्रेस की राहें अलग होना इस बात का सबूत है कि यह स्वार्थी तत्वों का जमावड़ा था, जो अब अपनी ही महत्वाकांक्षाओं के बोझ तले दबकर बिखर रहा है.