T20 World Cup 2026

'रोटी में स्वाद नहीं रोटी में सुर...', दो बहनों ने आटे की गुथाई में लगाए सुर, फैन हो गए Swiggy और Boat

Social Media: शालिनी दुबे और श्रेया दुबे नाम की दो बहनों ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा वीडियो डाला है जो हर तरफ चर्चा बटोर रहा है. आम लोगों के साथ-साथ बड़े-बड़े ब्रांड भी इस वीडियो की तारीफ कर रहे हैं और अब यह वीडियो वायरल हो चुका है.

Shreya Dubey Instagram
India Daily Live

सोशल मीडिया पर कई बार कुछ ऐसे वीडियो दिख जाते हैं जो आपका दिन बना सकते हैं. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. इस वीडियो में दो बहनों ने ऐसे सुर लगाए हैं कि संगीत के बड़े-बड़े उस्ताद भी तारीफ कर रहे हैं. कई बड़े ब्रैंड्स भी इन बहनों के कमेंट सेक्शन में इंटरैक्शन कर रहे हैं. वीडियो को अभी तक 48 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है और लगभग 4.5 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है. इस वीडियो में शालिनी दुबे और श्रेया दुबे नाम की दो बहने किचन में ऐसे सुर साध रही हैं कि इन्हें देखकर हर कोई दंग रह गया है.

वीडियो में देखा जा सकता है कि किचन में आटा गूंथने की तैयारी है. थाली में आटा है, लोटे में पानी है और कैमरे के सामने दो बहने हैं. दो बहनों में आटा गूथने को लेकर बहस हो रही है. ट्विस्ट यह है कि बहस में कोई बोलता नहीं है, सिर्फ सुर लग रहे हैं. अपने तर्क रखने की कोशिश में इन बहनों ने 'सा रे गा मा पा' की ऐसी तरन्नुम छेड़ी है कि हर कोई तारीफ ही कर रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि बहनों में खींचतान ऐसी होती है कि आटे की थाली गिर जाती है लेकिन सुर नहीं गिरते.

दिग्गज भी कूद पड़े

अब इस वीडियो पर फूड और ग्रोसरी डिलीवरी ऐप स्विगी इंस्टामार्ट ने भी कमेंट ने किया है. वीडियो के कमेंट में स्विगी ने लिखा, 'रोटी में स्वाद नहीं, रोटी में सुर हो गया.' इयरफोन और स्पीकर जैसी चीजें बनाने वाली बोट कंपनी ने इस पर कमेंट किया है, 'ये वीडियो 2 घंटे लंबा कैसे हो गया है?' मशहूर माइंड रीडर सुहानी शाह ने भी शालिनी और श्रेया की तारीफ की है.

इतना ही नहीं मशहूर तबला वादक निखिल परलिकर ने भी इन बहनों की तारीफ की. निखिल ने लिखा, 'क्या बात है, वेरी वेरी गुड.' शालिनी ने मौका जाने नहीं दिया और वहीं पर कोलैबरेश की डिमांड रख दी. शालिनी ने निखिल को जवाब देते हुए लिखा, 'अरे देखो तो कौन है. सर जी बिग फैन. कोलैब करने का मौका मिल जाता तो!' वहीं, स्विगी से तो इन बहनों ने तंदूरी रोटी की ही मांग कर डाली.