रैपिडो राइडर ने की महिला यात्री के साथ बदतमीजी, चैट हुई वायरल; कंपनी ने मांगी माफी

एक बार फिर से महिला सुरक्षा सवाल के घेरे में है. दरअसल एक महिला ने आरोप लगाया है कि रैपिडो ड्राइवर ने उसे ड्रॉप करने के बाद उसे आपत्तिजनक मैसेज किए हैं. जिससे वह असहज हो गईं थी. अब सोशल मीडिया पर चैट्स वायरल हो रही है.

Instagram
Meenu Singh

नई दिल्ली: गाजियाबाद से एक घटना सामने आ रही है. इस घटना ने ऐप-आधारित कैब और बाइक सेवाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों की सुरक्षा और डेटा के दुरुपयोग को लेकर नए सिरे से चिंताएं पैदा हो गई हैं. 

दरअसल अनुष्का नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने यात्रा वाले दिन के मैसेज के स्क्रीनशॉट और एक छोटा वीडियो क्लिप पोस्ट की. उनका पोस्ट अब वायरल हो रहा है, जिसके बाद रैपिडो ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया पर शेयर की गई यह घटना तेजी से वायरल हो रही है इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है.

कैसे शुरू हुआ मामला

वीडियो में शुरुआत एक नॉर्मल सेंटेंस से होती है, जिसमें महिला कहती है कि वह बस एक रैपिडो बाइक बुक कर रही है और सोचती है कि इसमें क्या गलत हो सकता है. लेकिन इसके बाद घटनाक्रम अचानक बदल जाता है, जब राइड खत्म होने के कुछ समय बाद उसे अननोन नंबर से मैसेज आने लगते हैं.

रैपिडो ड्राइवर ने किया मैसेज

उस मैसेज में व्यक्ति ने लिखा कि, 'पहचाना नहीं? अभी तो ड्रॉप करके आया हूं' और पूछा कि क्या वह उसे पहचानती है. जब अनुष्का ने पूछा कि क्या वह रैपिडो का राइडर है, तो उसने हां में जवाब दिया. फिर उसने अनुष्का की तारीफ करते हुए कहा कि उस पर ट्रेडिशनल कपड़े काफी जचते हैं और उसे 'प्यारी' कहा. उसने अनुष्का की उम्र भी पूछी, यह भी पूछा कि क्या वह अकेली रहती है. राइडर यहीं नहीं रुका उसने आगे यह भी कहा कि वह अनुष्का से अगले दिन शाम 4 बजे मिलेगा. इस पूरी घटना को अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर साझा किया. पोस्ट वायरल होने के बाद कंपनी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

महिला की प्रतिक्रिया

अनुष्का ने बताया कि जैसे ही उन्हें इन संदेशों का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत उस नंबर को ब्लॉक कर दिया. हालांकि, इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया और उन्होंने इसे सार्वजनिक करने का फैसला किया ताकि अन्य लोग भी सतर्क रहें.

रैपिडो ने दी प्रतिक्रिया

मामले के सामने आने के बाद Rapido ने माफी मांगते हुए इसे 'अनुचित' और 'अस्वीकार्य' व्यवहार बताया है. कंपनी ने आश्वासन दिया कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है और साथ ही कहा कि ड्राइवर पर कार्यवाही की जाएगी.