IPL 2026

हिंदूवादी समूह 'देवसेना' ने क्रिसमस मनाने पर दो महिलाओं को पेड़ से बांधा, धर्मांतरण को बढ़ावा देने का लगाया आरोप, वीडियो आया सामने

ओडिशा के जाजपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां एक हिंदूवादी समूह ने क्रिसमस मानाने पर दो महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया.

x
Garima Singh

Odisha: ओडिशा के जाजपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर देवसेना नाम के एक हिंदूवादी समूह ने दो महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया.

इस समूह ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर महिलाओं को एक पेड़ से बांध दिया और उन पर धर्म परिवर्तन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो अब तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग महिलाओं को पेड़ से बांधते हुए दिखाई दे रहे हैं.

हिंदूवादी संगठन ने क्या कहा?

इस दौरान देवसेना से जुड़े एक व्यक्ति को कहते हुए सुना जा सकता है कि 'जब हम 24 घंटे खाने और रहने के लिए खून की लड़ाई लड़ रहे हैं तब ऐसे में ये लोग धर्म परिवर्तन को बढ़ावा दे रहे हैं.'

घटना स्थल पर क्या हुआ?

आपको बता दें ये महिलाएं 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार मना रही थीं. जिसके बाद देवसेना के सदस्यों ने इसे ईसाई धर्म के प्रचार से जोड़ते हुए, उनके इरादों पर सवाल खड़े कर दिए. वहां मौजूद ग्रामीणों ने भी उनका समर्थन किया और महिलाओं को पेड़ से बांधकर अपमानित किया.

धर्मांतरण का लगाया आरोप

आरोप लगाने वालों ने कहा कि ये महिलाएं अन्य ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही थीं. वहीं, पीड़ित महिलाओं ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे केवल क्रिसमस के त्योहार को सांस्कृतिक रूप से मना रही थीं, न कि किसी धर्मांतरण अभियान का हिस्सा थीं.