Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

रेल टिकट की टेंशन होगी खत्म, अब AI बताएगा सीट कन्फर्म होगी या नहीं; 40 साल बाद रेलवे सिस्टम में बड़ा बदलाव

भारतीय रेलवे अगस्त से नया AI आधारित रिजर्वेशन सिस्टम लागू करेगा. इससे यात्रियों को वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की सटीक जानकारी मिलेगी और टिकट बुकिंग, ट्रेन ट्रैकिंग जैसी सेवाएं और तेज होंगी.

X
Ashutosh Rai

भारतीय रेलवे अब अपने चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को पूरी तरह बदलने जा रहा है. नई तकनीक से लैस यह सिस्टम यात्रियों को पहले से ज्यादा तेज और सटीक सुविधाएं देगा. खास बात यह है कि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से यात्रियों को वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की संभावना पहले ही पता चल जाएगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को अगस्त से ट्रेनों को नए सिस्टम पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं.

40 साल पुराने सिस्टम में बड़ा बदलाव

भारतीय रेलवे का मौजूदा पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम साल 1986 में शुरू किया गया था. पिछले कई वर्षों में इसमें छोटे स्तर पर सुधार होते रहे, लेकिन अब रेलवे इसे पूरी तरह आधुनिक तकनीक के साथ बदलने जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार नए सिस्टम का उद्देश्य टिकट बुकिंग क्षमता को बढ़ाना और यात्रियों को बेहतर अनुभव देना है. बढ़ती ऑनलाइन टिकटिंग डिमांड को देखते हुए रेलवे ने इस अपग्रेड की योजना बनाई है. आज देश में लगभग 88 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं.

AI बताएगा टिकट कन्फर्म होगा या नहीं

नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत AI आधारित वेटिंग लिस्ट प्रिडिक्शन होगी. रेलवे के अनुसार पहले टिकट कन्फर्म होने की संभावना बताने की सटीकता करीब 53 प्रतिशत थी, लेकिन अब AI तकनीक की मदद से यह आंकड़ा बढ़कर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है. अब यात्री टिकट बुक करते समय ही अंदाजा लगा सकेंगे कि उनकी सीट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है. इससे यात्रियों की अनिश्चितता कम होगी और यात्रा की योजना बनाना आसान होगा. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह सुविधा खासतौर पर त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी.

RailOne एप बन रहा यात्रियों की पहली पसंद

रेलवे का नया RailOne एप भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. पिछले साल जुलाई में लॉन्च हुए इस एप को अब तक 3.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है. इस एप के जरिए रोजाना लाखों टिकट बुक किए जा रहे हैं. इसमें रिजर्व्ड टिकट के साथ अनरिजर्व्ड टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट की सुविधा भी उपलब्ध है.

यात्रियों को मिल रही बड़ी सब्सिडी

भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2024-25 में यात्रियों को टिकट किराए पर करीब 60,239 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी है. रेलवे के मुताबिक इसका मतलब यह है कि हर यात्री को औसतन 43 प्रतिशत तक की राहत मिल रही है.