न्यू ईयर पर मसूरी जाने का है प्लान? जाने से पहले पढ़ लें ये नया ट्रैफिक प्लान, सिर्फ इतनी ही गाड़ियों को मिलेगी एंट्री

नए साल पर मसूरी जाने वालों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. 31 दिसंबर के लिए होटल फुल हैं. जाम से बचाव के लिए 2800 वाहनों की पार्किंग तय की गई है और जरूरत पड़ने पर चार जगहों से शटल सेवा भी चलेगी.

Pinterest
Princy Sharma

मसूरी: नए साल का जश्न मनाने के लिए मसूरी जाने का प्लान बना रहे हैं तो जरा सावधान हो जाइए. वीकेंड और 31 दिसंबर को भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मसूरी के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है. पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और हालात ऐसे हैं कि 31 दिसंबर के लिए मसूरी के ज्यादातर होटल पहले ही फुल हो चुके हैं.

भीड़ और जाम से निपटने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है. मसूरी में कुल 2800 वाहनों की पार्किंग चिन्हित की गई है. अगर तय पार्किंग भर जाती है, तो पर्यटकों की सुविधा के लिए चार अलग-अलग जगहों से शटल सेवा भी चलाई जाएगी. इससे लोगों को जाम में फंसने से राहत मिलेगी और शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम रहेगा.

 न्यू ईयर ट्रैफिक प्लान

दून के एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि नए साल को देखते हुए तीन अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं. पार्किंग, रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया गया है, ताकि पर्यटक बिना परेशानी मसूरी पहुंच सकें. शनिवार को देहरादून के हिल डिपो पर मसूरी जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली. 

रोडवेज विभाग का प्लान

यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग ने चार अतिरिक्त बसें और आठ टेंपो ट्रैवलर चलाए. इसके बावजूद कई जगह जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ा. न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान सुरक्षा को लेकर भी पुलिस अलर्ट है. फायर सेफ्टी और भीड़ नियंत्रण को लेकर एसएसपी अजय सिंह ने होटल संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों के साथ बैठक की. उन्हें साफ निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जाए.

प्लान ए और प्लान बी

मसूरी आने-जाने वालों के लिए प्लान ए और प्लान बी के तहत अलग-अलग रूट तय किए गए हैं. हरिद्वार, ऋषिकेश, दिल्ली और सहारनपुर से आने वाले वाहनों को तय मार्गों से ही मसूरी में एंट्री दी जाएगी. वापसी के समय भी निर्धारित रूट का पालन करना जरूरी होगा.

पार्किंग की सुविधा

पार्किंग की बात करें तो मसूरी के होटलों में 1800 कारों की व्यवस्था है. इसके अलावा कैम्प्टी टैक्सी स्टैंड, किंग क्रेग, टाउन हॉल, पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड और गज्जी बैंड में भी पार्किंग की सुविधा दी गई है. पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करें और सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और बिना परेशानी नए साल का जश्न मना सकें.