Jhansi Meena Hanging Case: झांसी के लहचूरा थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव में एक महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी. बताया जा रहा है कि महिला का पति अपनी प्रेमिका के साथ भाग गया था, जिससे दुखी होकर पत्नी ने यह आत्मघाती कदम उठाया. मृतका की पहचान 27 वर्षीय मीना के रूप में हुई है.
बुधवार सुबह जब मीना देर तक कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार की बड़ी बहू उसे जगाने गई. कमरे का दरवाजा खोला गया तो सभी सन्न रह गए—मीना का शव फंदे से झूल रहा था. आनन-फानन में परिजनों ने शव नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मीना की शादी करीब 8 साल पहले अनिल वंशकार से हुई थी. 26 अप्रैल को अनिल एक शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. उसके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन नंबर बंद मिला.
28 अप्रैल को निवाड़ी गांव की एक महिला अपने दो बेटों के साथ अनिल के घर पहुंची और आरोप लगाया कि अनिल उसकी बेटी को लेकर भाग गया है. यह सुनकर मीना सदमे में आ गई थी. अगले ही दिन मीना ने आत्महत्या कर ली.
मीना के पिता रामसेवक ने बताया कि अनिल पहले भी तीन साल पहले एक महिला को भगाकर ले गया था. तब पुलिस की मदद से उसे पकड़ा गया था और पंचायत के बाद मीना को ससुराल भेजा गया. पिता का आरोप है कि ससुरालवाले मीना को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. रामसेवक ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है. वहीं अनिल के पिता का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी, उनका बेटा बाहर नौकरी करता है.