IPL 2026 Kerala Assembly Election 2026

यूपी वाले हो जाएं सावधान! आज भी मौसम बरपाएगा कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी; अब तक 70 से ज्यादा की मौत

उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने कई लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है. कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बुधवार को आए आंधी-बारिश के कारण 70 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में मौसम ने जोरदार करवट ली है. मौसम विभाग की ओर से 38 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं. मिल रही जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के भीतर आंधी-तूफान के कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई है. वहीं हजारों गांव अंधेरे में जीवन बिताने के लिए मजबूर हो गए हैं. 

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आज देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ समेत अन्य कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किए गए हैं. वहीं कांसीरामनगर, पीलीभीत और रायबरेली समेत अन्य कई जिलों में बिजली गिरने की संभावना है. जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं.

यूपी के कई जिलों में आई मुसीबत

यूपी के गाजियाबाद जिले में बुधवार को जोरदार बारिश हुई कुछ इलाकों में ओले भी गिरे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. हालांकि कुछ जिलों में बुधवार को आई आंधी-तूफान कहर बनकर लोगों पर बरपा है. बरेली से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक 50 साल का व्यक्ति हवा में उड़ गया. हालांकि उसकी जान बच गई लेकिन हाथ-पैर टूट गए.

वहीं प्रयागराज में शाम की तेज आंधी में इलाके के 17 लोगों की मौत हो गई. वहीं दर्जनों लोग घायल हो गए. बुधवार को तेज हवा ने लोगों के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है. बिजली के खंभे गिर गए, जिसके कारण दो हजार गांव अंधेरे में डूब गया, वहीं पुराने मकानों के गिरने से भी लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा सड़क पर चल रहे राहगीरों और गाड़ियों पर पेड़ गिरे हैं, जिसमें कई लोग घायल हो गए.

पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम

मौसम विभाग ने आज भी लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है. हालांकि 15 मई के बाद से तेज धूप निकलने की संभावना है. तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. मौसम में आए इस अचानक उलट-फेर के कारण कई लोगों को काफी नुकसान पहुंचा है. इंसानों के अलावा पशु भी घायल हुए हैं. यूपी के साथ-साथ बिहार और झारखंड में भी आज आंधी-तूफान का कहर जारी रहने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.