गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर, 28 मई से था फरार

सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोप असद पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मारा गया. इस बात की जानकारी गाजियाबाद पुलिस की ओर से दी गई. इस घटना में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया.

X (@vishalPosts)
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोरा इलाके में बकरीद के दिन 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार था, जिसे शनिवार देर रात गाजियाबाद पुलिस ने पकड़ लिया. पुलिस ने बताया कि असद शहर से भागने के फिराक में था. इसके लिए वह अपने दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा आया था, इस दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि असद एक अन्य व्यक्ति के साथ खोड़ा पहुंचा था. इस दौरान पुलिस ने उसकी बाइक को हाथ देकर रोकने की कोशिश की, तभी असद ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी असद पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने दी मामले की जानकारी 

पुलिस ने बताया कि गोली लगने के बाद असद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है. हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि असद जिस मोटरसाइकिल पर आया था, उसे जब्त कर लिया गया है. साथ ही हमले के लिए इस्तेमाल किया गया पिस्तौल भी बरामद कर लिया गया है. हालांकि जो व्यक्ति असद के साथ आया था वह तुरंत फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए भी पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बकरीद के दिन सूर्या पर उसके ही मुस्लिम दोस्त ने हमला कर दिया. मिल रही जानकारी के मुताबिक आरोपी ने मारने से पहले सूर्या से पूछा कि क्या तुमने कभी भी बकरा हलाल होते देखा है? सूर्या कुछ कह पाता इससे पहले ही आरोपी उस पर चाकुओं से ताबतोड़ हमला करने लगा. जिससे उसकी मौत हो गई. परिवार वालों ने घटना में शामिल पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मुख्य आरोपी को भी पकड़ लिया, लेकिन मुठभेड़ के दौरान उसकी मौत हो गई. इस पूरी घटना में शामिल एक और आरोपी  की तलाश की जा रही है. इस घटना के कारण पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.