West Bengal Assembly Election 2026

महाकुंभ में भगदड़ पर PM मोदी ने जताया दुख,  X पर पोस्ट कर लिखा, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

महाकुंभ में बीती रात मची भगदड़ के बाद 3-4 बार पीएम मोदी ने सीएम योगी को कॉल किया. इस दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया. 

x
Kamal Kumar Mishra

MahaKumbh 2025: प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे के बाद पीएम मोदी ने दुख जताया है. इसको लेकर उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया है. पीएम मोदी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर चुके हैं. लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं.

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है. इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं.'

रात में मची भगदड़

दरअसल, बीती रात करीब 1:30 बजे महाकुंभ में भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है. हादसे के तुरंत बाद NSG के कमांडोज ने संगम नोज को अपने कब्जे में ले लिया और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया. इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से भी घायल हुए हैं. इस मसले पर अब राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं. लगातार कांग्रेस और सपा की तरफ से एक्स पोस्ट किए जा रहे हैं. 

3 करोड़ से अधिक लोगों ने किया स्नान

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, करीब 12 करोड़ लोग महाकुंभ क्षेत्र में पहुंचे हैं. 3 करोड़ से अधिक लोगों ने सुबह के वक्स स्नान किया. हादसे के बाद संगम नोज पर स्थिति खराब हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है. करोड़ों की संख्या श्रद्धालु लगातार संगम में स्नान कर रहे हैं.