बेटी की शादी कर लौट रहा था परिवार, ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो, पिता-पुत्र-पत्नी समेत पांच की मौत
मऊ में तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. शादी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें पिता, पत्नी और बेटे समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई.
मऊ: शादी के बाद घर लौटते समय आमतौर पर गाड़ी में हंसी और खुशियों की गूंज होती है. लेकिन मऊ में एक परिवार के साथ वही सफर कुछ ही पलों में दर्दनाक हादसे में बदल गया. वाराणसी गोरखपुर फोरलेन पर तड़के सुबह का समय था, सड़क लगभग खाली थी और गाड़ी अपनी रफ्तार में आगे बढ़ रही थी. तभी एक छोटी सी चूक ने सब कुछ खत्म कर दिया. जो लोग नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मना रहे थे, वही कुछ ही सेकंड में हमेशा के लिए खामोश हो गए.
यह हादसा मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारथपुर के पास हुआ. शनिवार की भोर करीब 3 बजे स्कॉर्पियो गाड़ी वाराणसी गोरखपुर फोरलेन पर जा रही थी. बताया जा रहा है कि चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे गाड़ी नियंत्रण खो बैठी और दूसरी लेन में चली गई. सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोगों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला.
हादसे से मचा हड़कंप
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. घटना इतनी भयावह थी कि जिसने भी देखा वह सन्न रह गया. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में गोरखपुर के रानीडीहा निवासी 53 साल की विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी 48 साल की अर्चना श्रीवास्तव और 27 साल के बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव शामिल हैं.
इसके अलावा दो चालक भी इस हादसे का शिकार हो गए. इनमें बिहार के गया जिले के 20 वर्षीय रविंद्र यादव और 28 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार शामिल हैं. बताया जा रहा है कि गाड़ी में मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी इस हादसे में मौत हो गई.
बेटी की शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार यह परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी कराकर वापस गोरखपुर लौट रहा था. शादी की खुशियों के बीच किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.