मथुरा: मथुरा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव विशंभरा के 26 फरार साइबर ठगों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.
यह कदम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार द्वारा जिले में साइबर अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत उठाया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मथुरा जिले के गोवर्धन, बरसाना, छाता और शेरगढ़ थाना क्षेत्रों के करीब एक दर्जन गांव लंबे समय से साइबर ठगी के लिए कुख्यात रहे हैं. इन गांवों में बड़ी संख्या में युवा इस तरह के अपराध में शामिल बताए जाते हैं, जिन्हें स्थानीय भाषा में टटलू कहा जाता है. पुलिस प्रशासन इन क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है.
इससे पहले 22 फरवरी को पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए शेरगढ़ के गांव जंघावली और विशंभरा में एक साथ छापेमारी की थी. इस अभियान में चार सीओ, एक एएसपी, 13 थाना प्रभारी और करीब 240 पुलिसकर्मी शामिल रहे. कार्रवाई के दौरान जंघावली से 11 और विशंभरा से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 46 आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
पुलिस की इस सख्ती के बाद कई आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर ठगी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा.