हापुड़ एनकाउंटर: 50 हजार के इनामी बदमाश श्याम का खात्मा, उद्योगपति के घर डाली थी डकैती
हापुड़ जिले में पुलिस और बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी डकैत श्याम को पुलिस ने मार गिराया. इस कार्रवाई में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए.
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस और बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी डकैत श्याम को पुलिस ने मार गिराया. इस कार्रवाई में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए. पुलिस ने मौके से अवैध पिस्तौल और मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
50 हजार के इनामी बदमाश श्याम का खात्मा
पुलिस सूत्रों के अनुसार हापुड़ नगर और देहात पुलिस की संयुक्त टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा. पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया और वायरलेस से मदद मांगी. देहात पुलिस की टीम ने आगे जाकर घेराबंदी कर दी. बदमाश ग्राम गोदी के पास पहुंचा तो खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी.
बदमाश की गोलीबारी में हेड कांस्टेबल मनोज कुमार घायल हो गए. पुलिस ने अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई की. इस गोलीबारी में बदमाश श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे तुरंत सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
1 जून को की थी बड़ी डकैती
मारे गए बदमाश श्याम पर 1 जून की रात उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर डकैती का आरोप था. उसने उद्योगपति के पूरे परिवार को बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की डकैती की थी और उसके बाद से फरार चल रहा था. इस मामले में उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.
मुठभेड़ का पूरा ब्योरा
चेकिंग के दौरान बदमाश भागने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने ट्यूबवेल की आड़ लेकर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. गोली लगने से श्याम घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की है. श्याम के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.