“Cyber Awake India” अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 1 लाख से अधिक छात्रों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
Cyber Awareness Gautam Buddha Nagar Police: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने “Cyber Awake India” अभियान के तहत 400 से अधिक शिक्षण संस्थानों को जोड़ते हुए 1 लाख से अधिक छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर मार्गदर्शन दिया.
Cyber Awareness Gautam Buddha Nagar Police: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने और युवाओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “Cyber Awake India” अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक विशाल ऑनलाइन सत्र का आयोजन किया गया.
इस सत्र में जिले के 400 से अधिक स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों को YouTube Live प्लेटफार्म के माध्यम से जोड़ा गया. कार्यक्रम में 1 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने सक्रिय भागीदारी की.
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दी जागरूकता की सीख
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के संबोधन से हुआ. उन्होंने कहा कि “डिजिटल क्रांति के इस युग में साइबर सुरक्षा अब व्यक्तिगत सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है. हमें केवल तकनीक का उपयोग ही नहीं, बल्कि उसके सुरक्षित उपयोग की समझ भी विकसित करनी होगी. जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है.” इस अभियान के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक लाख से अधिक विद्यार्थियों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुँचाया.
डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताए व्यवहारिक उपाय
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग सोच-समझकर करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड की पहचान, पासवर्ड सुरक्षा, संदिग्ध लिंक से बचाव, और साइबर अपराधों से निपटने के व्यवहारिक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी.
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जानकारी दी कि “Cyber Awake India” अभियान के अगले चरण में RWA, AOA, औद्योगिक संस्थान एवं सोसाइटी निवासियों को भी शामिल किया जाएगा. इस पहल के तहत आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के महत्त्व और डिजिटल सतर्कता के बारे में शिक्षित किया जाएगा.
साइबर अवेयरनेस चैलेंज से चुने जाएंगे ‘Cyber Warriors’
अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से एक साइबर अवेयरनेस चैलेंज भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें रील्स, पोस्टर और पत्र लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ‘Cyber Warriors’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा.
गौतमबुद्धनगर पुलिस का यह अभिनव अभियान समाज के हर वर्ग को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है. “Cyber Awake India” पहल न केवल छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि एक सुरक्षित साइबर समाज के निर्माण की ओर भी अग्रसर है.
और पढ़ें
- देवबंद के मौलाना ने जावेद अख्तर को बताया 'कम दिमाग वाला इंसान', मदरसे में पढ़ने की दे डाली नसीहत
- तीन लाख वाले प्लाट का बढ़ा दाम, लालच में आकर पत्नी और सास ने ली दमाद की जान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- प्रेमिका की शादी कहीं और हुई तय, पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, Video में देखें कैसे मां की आंखों के सामने दे दी जान