'रास्ते से भटका हुआ युवक', दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी डॉ. उमर का कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया बचाव, भड़की बीजेपी
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने लाल किले ब्लास्ट के आत्मघाती हमलावर उमर को भटका हुआ युवक बताया, उसके वीडियो से असहमति जताई और कहा कि यह इस्लाम नहीं सिखाता. उनके बयान पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जबकि NIA द्वारा मामले में गिरफ्तारी जारी है.
नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किले के पास हुए आत्मघाती धमाके के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. इस बीच उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हमला करने वाले आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर मोहम्मद नबी का बचाव करते हुए उसे 'रास्ते से भटका हुआ युवक' बताया है. उनके इस बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है.
इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों, खासकर अल-फलाह यूनिवर्सिटी, को निशाना बना रही है और अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है. उनके इन दावों पर भाजपा और अन्य दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
उमर के नए वीडियो पर मसूद की प्रतिक्रिया
मंगलवार को हमलावर उमर का एक नया वीडियो सामने आया, जिसमें वह आत्मघाती धमाके को सही ठहराने की कोशिश करता दिखा. वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मसूद ने कहा कि वह उस वीडियो से असहमत हैं. उन्होंने कहा कि इस्लाम किसी भी स्थिति में खुदकुशी की इजाजत नहीं देता. मासूम लोगों की हत्या इस्लाम का रास्ता नहीं है. ऐसे लोग भटके हुए हैं और इनसे इस्लाम की तस्वीर पेश नहीं होती. सांसद ने साफ कहा कि देश से प्यार और शांति का संदेश इस्लाम की मूल सीख है, और ऐसे हमलों का धर्म से कोई संबंध नहीं है.
उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना शुरू हो गई. भाजपा ने मसूद की टिप्पणी को आतंकवाद को संरक्षण देने वाली मानसिकता बताया है.
धमाके में 15 लोगों की मौत, NIA की कार्रवाई तेज
लाल किले के पास पिछले सप्ताह हुए धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने मंगलवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के सक्रिय सह-साजिशकर्ता जसीर बिलाल उर्फ वानी को दिल्ली की अदालत में पेश किया. वह जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के काजीगुंड का रहने वाला है.
NIA का कहना है कि वानी ने उमर के साथ मिलकर धमाका कराने में तकनीकी सहायता दी. उसने कथित रूप से ड्रोन में बदलाव किया, रॉकेट बनाने की कोशिश की और धमाके की पूरी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एजेंसी ने बताया कि वानी को श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया और उसे दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ उसकी हिरासत मांगी जा सकती है.
कांग्रेस सांसद के बायां से गरमाई सियासत
कांग्रेस सांसद के बयान के बाद राजनीतिक विवाद और गहरा गया है. भाजपा इसे आतंकवाद के प्रति नरमी बता रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि मसूद ने केवल धार्मिक दृष्टिकोण स्पष्ट किया है. धमाके की गंभीरता, बढ़ती गिरफ्तारियां और नेताओं की बयानबाजी ने इस मामले को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया है.