'वह सही रास्ते पर चले...', भांजे रेहान वाड्रा की सगाई की खबरों के बीच राहुल गांधी का मंत्री सुमित गोदारा ने उड़ाया मजाक!
भजनलाल सरकार में मंत्री सुमित गोदारा ने रेहान वाड्रा की सगाई को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि राहुल गांधी की भी सगाई हो और राहुल गांधी भी शादी करें, ताकि शादी के बाद वह सही रास्ते पर चले.
नई दिल्ली: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई का कार्यक्रम आज रात राजस्थान के रणथम्भौर में हो सकता है. इस सगाई को लेकर सियासत और मीडिया में काफी चर्चा हो रही है. कांग्रेस में इस खबर को लेकर उत्साह भी देखा जा रहा है.
मंत्री रोहित गोदारा ने राहुल गांधी पर कसा तंज
इसी बीच राजस्थान की भजनलाल सरकार में मंत्री सुमित गोदारा ने रेहान वाड्रा की सगाई को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अब सगाई हो रही है, तो अच्छी बात है. साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि राहुल गांधी की भी सगाई हो और राहुल गांधी भी शादी करें, ताकि शादी के बाद वह सही रास्ते पर चले.
गोदारा का यह तंज मीडिया और जनता के बीच काफी चर्चा का विषय बन गया है. वैसे, यह कोई नई बात नहीं है, बीजेपी और अन्य राजनीतिक दल समय-समय पर राहुल गांधी की शादी को लेकर मजाक या तंज कसते रहते हैं.
टाइगर सफारी का लिया आनंद
जानकारी के मुताबिक, रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने सगाई के अवसर पर रणथम्भौर की टाइगर सफारी का आनंद भी लिया. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी इस सगाई को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और कई बड़े नेता कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रणथम्भौर पहुंच चुके हैं. प्रियंका गांधी का रणथम्भौर से खास नाता रहा है. जब भी उन्हें समय मिलता है, वह यहां सफारी का आनंद लेने आती हैं. इस बार उनके बेटे की सगाई की खबर के कारण रणथम्भौर में हलचल मची हुई है.
राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की सगाई न केवल परिवार के लिए खुशी का मौका है, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का भी विषय बन गई है. मंत्री गोदारा का तंज और कांग्रेस के नेताओं की भागीदारी इसे और अधिक ध्यान आकर्षित कर रही है.
कैसी है रेहान वाड्रा की पर्सनल लाइफ?
रेहान वाड्रा गांधी परिवार की राजनीतिक विरासत से अलग अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. उनका जन्म 29 अगस्त 2000 को हुआ था और वह वर्तमान में 25 वर्ष के हैं. वह आमतौर पर सार्वजनिक जीवन और मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं. हालांकि कुछ राजनीतिक कार्यक्रमों में वह अपनी मां प्रियंका गांधी के साथ नजर आ चुके हैं, लेकिन उन्होंने खुद को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा है.