menu-icon
India Daily

जयपुर के चोमू में हिंसा के बाद सामान्य हुई स्थिति, इंटरनेट सेवाएं हुई शुरु

जयपुर के चोमू में मस्जिद के बाहर पथराव की वजह से इंटरनेट समेत कई सेवाएं स्थगित कर दी गई थी. हालांकि, अब स्थिति सामान्य होने के बाद इंटरनेट सेवा को शुरु कर दिया गया है.

mishra
जयपुर के चोमू में हिंसा के बाद सामान्य हुई स्थिति, इंटरनेट सेवाएं हुई शुरु
Courtesy: X

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर चोमू कस्बे में कुछ दिनों की तनावपूर्ण स्थिति के बाद अब हालात पूरी तरह सामान्य हो गए हैं. रविवार सुबह इंटरनेट सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं. 

इससे पहले अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा के बाद अफवाहें रोकने के लिए इंटरनेट बंद किया गया था. ऐसे में जब स्थिति दोबारा से सामान्य हो गई है, तो इंटरनेट को बहाल कर दिया गया है.

हिंसा की शुरुआत कैसे हुई?

चोमू में कलंदरी मस्जिद के बाहर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को हटाने का काम चल रहा था. यह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का हिस्सा था. शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे जब प्रशासन की टीम यह काम कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. स्थिति बिगड़ने न देना के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां

पुलिस ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया. इस मामले में अब तक 110 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने सरकारी काम में बाधा, हत्या की कोशिश और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है.

डीसीपी (वेस्ट) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में पूरी बाजार खुली हुई है और शांति पूरी तरह बहाल हो चुकी है. पुलिस ने संवेदनशील जगहों पर पिकेट लगाए हैं और शहर में फ्लैग मार्च भी किया गया ताकि लोगों में विश्वास बना रहे.

सोशल मीडिया पर नजर और सख्ती

इंटरनेट बहाल होने के बावजूद अधिकारियों ने कहा कि वे सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखेंगे. कोई गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राजस्थान के मंत्री अविनाश गहलोत ने भी प्रशासन की तारीफ की और कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी. 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और निर्देश दिए हैं कि दोषियों को बख्शा नहीं जाए. चोमू में अब जीवन सामान्य हो गया है और लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में लौट आए हैं. प्रशासन की मुस्तैदी से जल्दी ही शांति बहाल हो सकी.