रील बनाने के चक्कर में हवालात पहुंचा युवक, रशियन महिला के साथ जबरदस्ती मसखरी करना पड़ा भारी

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई है. विदेशी महिला पर्यटक के साथ अभद्रता कर वीडियो बनाना और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना अब उसके लिए बड़ी मुसीबत बन गया है.

Screengrab
Babli Rautela

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. खुद को कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर बताने वाला एक युवक अब पुलिस हिरासत में है. आरोप है कि उसने एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ अभद्रता की और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होते ही लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला और मामला पुलिस तक पहुंच गया.

रशियन महिला के साथ की अभद्रता

रिपोर्ट्स के अनुसार घटना 7 मई की बताई जा रही है. हरियाणा के नारनौल इलाके में स्थित रघुनाथपुरा बालाजी मंदिर में रूस से आए पर्यटकों का एक समूह दर्शन के लिए पहुंचा था. इसी दौरान सचिन नाम का युवक वहां मौजूद था. बताया जा रहा है कि वह राजस्थान के बुहाना इलाके का रहने वाला है और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाता है. आरोप है कि युवक ने एक रूसी महिला पर्यटक से बातचीत करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और लोकल भाषा में आपत्तिजनक टिप्पणी की. पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया और बाद में इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया गया.

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जताई. लोगों ने इसे महिलाओं की गरिमा और विदेशी मेहमानों के सम्मान के खिलाफ बताया. कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. जैसे जैसे वीडियो वायरल होता गया, मामला और ज्यादा गंभीर होता गया.

पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो महिला की अनुमति के बिना बनाया गया था. अधिकारियों के अनुसार यह केवल निजता का उल्लंघन नहीं बल्कि महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला मामला भी है. जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था. पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ तेजी से बढ़ी है. कई लोग ज्यादा व्यूज और फॉलोअर्स पाने के लिए सार्वजनिक जगहों पर विवादित या आपत्तिजनक कंटेंट बनाने लगे हैं. ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन भी अब ज्यादा सख्त नजर आ रहे हैं.