राजस्थान की IAS अधिकारी ने अपने आईएएस पति पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, दर्ज हुई FIR

जयपुर में आईएएस अधिकारी भारती दीक्षित ने अपने पति और सहकर्मी आईएएस अधिकारी आशीष मोदी के खिलाफ घरेलू हिंसा, जान से मारने की धमकी, गैरकानूनी हिरासत और जासूसी के गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है.

social media
Kuldeep Sharma

जयपुर: राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में हलचल मचाने वाला मामला सामने आया है. जयपुर में आईएएस अधिकारी भारती दीक्षित ने अपने पति और 2014 बैच के साथी आईएएस अधिकारी आशीष मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

उन्होंने लंबे समय तक घरेलू हिंसा, शारीरिक उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाए हैं. एफआईआर में उन्होंने पति पर शराबखोरी, आपराधिक तत्वों से संबंध और सरकारी पद का दुरुपयोग करने तक के गंभीर आरोप लगाए हैं.

पति पर गंभीर आरोप

भारती दीक्षित ने दर्ज कराई एफआईआर में दावा किया कि आशीष मोदी ने 2014 में उन्हें शादी के लिए भावनात्मक रूप से मजबूर किया, जब उनके पिता कैंसर से जूझ रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष ने अपनी असली पहचान और आदतें छिपाईं और शादी के बाद लगातार उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. एफआईआर के अनुसार, आशीष अकसर शराब के नशे में उन्हें पीटता और अपमानित करता था.

2018 के बाद बढ़ा विवाद

एफआईआर में बताया गया है कि बेटी के जन्म के बाद 2018 में स्थिति और बिगड़ गई. बढ़ते विवादों के कारण भारती कुछ समय के लिए जयपुर छोड़कर चली गईं. मातृत्व अवकाश के बाद लौटने पर भी घरेलू झगड़े और हिंसा जारी रही. भारती का कहना है कि आशीष के आपराधिक तत्वों से रिश्ते थे और वे उन्हें धमकी देने के लिए इन लोगों का इस्तेमाल करते थे.

अपहरण और धमकी का आरोप

सबसे चौंकाने वाला आरोप अक्टूबर 2025 की एक घटना से जुड़ा है. भारती ने कहा कि आशीष ने एक सरकारी वाहन का इस्तेमाल करते हुए अपने सहयोगी के साथ उनका अपहरण किया और कई घंटों तक बंदी बनाकर रखा. उन्होंने दावा किया कि उस दौरान उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई और तलाक के लिए दबाव डाला गया. यहां तक कि उन्हें बंदूक की नोक पर पिता से झूठ बोलने को मजबूर किया गया.

जासूसी और गोपनीय दस्तावेजों का दुरुपयोग

एफआईआर में यह भी आरोप है कि आशीष ने उनके कमरे में गुप्त कैमरा लगवाया और उनके मोबाइल को अन्य उपकरणों से जोड़कर सरकारी गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच बनाई. भारती का कहना है कि उन्होंने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए इन दस्तावेजों का इस्तेमाल निजी और आपराधिक उद्देश्यों के लिए किया.

अफसर पर जांच शुरू

पुलिस ने बताया कि मामला भारती न्‍याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत दर्ज किया गया है. भारती ने अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल पुलिस संरक्षण की मांग की है. वहीं, आशीष मोदी ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे लेकिन मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के समय वे बिहार में थे.