T20 World Cup 2026

Rajasthan Rain: राजस्थान के कई इलाकों में झमाझम बारिश, चिलचिलाती गर्मी से लोगों की मिली राहत, मौसम हुआ सुहाना

राजस्थान में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बाद आखिरकार मौसम ने करवट ली है. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से निजात दिलाई है.

x
Garima Singh

Rajasthan Rain: राजस्थान में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बाद आखिरकार मौसम ने करवट ली है. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से निजात दिलाई है. अलवर, जयपुर, सीकर, राजसमंद, उदयपुर सहित कई जिलों में बारिश की फुहारों ने माहौल को सुहाना बना दिया. 

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में अलवर, जयपुर, दौसा, अजमेर, भीलवाड़ा, सीकर, चूरू, झुंझुनू, नागौर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, जालौर, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में हल्की बारिश की हो सकती है. साथ ही 40-80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं और बिजली का भी अनुमान है. विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है.

राजसमंद में झमाझम बारिश का आनंद

राजसमंद में दोपहर बाद मौसम ने अचानक रंग बदला. तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने कुंभलगढ़, आमेट, कुंवारिया, नाथद्वारा और आसपास के क्षेत्रों को भिगो दिया. बच्चों ने बारिश में भीगकर गर्मी की तपिश को अलविदा कहा, तो मोरों की किलकारी ने माहौल को और रंगीन बना दिया. सड़कों पर बहते पानी ने बाजारों में रौनक ला दी. यह बारिश पशुओं के लिए भी राहत लेकर आई, जो गर्मी से बेहाल थे.

अलवर में बारिश बनी किसानों का सहारा

अलवर में दोपहर 3 बजे के बाद घने बादल छाए और करीब दो घंटे तक रिमझिम व तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी. 45 डिग्री से अधिक तापमान से जूझ रहे लोगों को ठंडक का एहसास हुआ. खासकर किसानों के चेहरे खिल उठे, क्योंकि बाजरे की बुआई के बाद यह बारिश फसलों के लिए "अमृत समान" साबित हुई.

सीकर में राहत के साथ जलभराव की चुनौती

सीकर के नीमकाथाना में बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव ने लोगों को परेशान किया. फिर भी, बारिश ने जनजीवन को सामान्य करने में अहम भूमिका निभाई. स्थानीय लोगों ने बारिश का स्वागत किया और माहौल में ताजगी का अनुभव किया.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. पेड़ों के नीचे शरण लेने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की सलाह दी गई है. बारिश का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है.