बीकानेर के पूर्व सांसद रह चुके हैं धर्मेंद्र, लेकिन बाद में क्यों लगाए गए थे 'गुमशुदा’ के पोस्टर; जानें वजह
बीकानेर से भाजपा के टिकट पर सांसद बने बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र की हालत नाजुक है. 89 वर्षीय अभिनेता को वेंटिलेटर पर रखा गया है. 2004 में बीकानेर से चुनाव जीतने के बाद उनकी अनुपस्थिति को लेकर 'गुमशुदा सांसद' के पोस्टर लगे थे.
बीकानेर: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. 89 साल के धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, धर्मेंद्र के बीमार होने की खबर फैलते ही उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई. बीकानेर में उनके चाहने वालों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और सोशल मीडिया पर 'धर्मेंद्र जल्दी ठीक हो जाओ' ट्रेंड करने लगा.
लोगों ने कहा कि भले ही धर्मेंद्र ने राजनीति से दूरी बना ली हो, लेकिन बीकानेर के लोगों के दिलों में वे आज भी बसते हैं.धर्मेंद्र का बीकानेर से पुराना और दिलचस्प नाता रहा है. साल 2004 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर बीकानेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार रामेश्वर डूडी को 57,175 वोटों से हराया था. चुनाव प्रचार के दौरान उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी उनके साथ मैदान में उतरे थे.
क्यों लगाए गए 'गुमशुदा सांसद' के पोस्टर?
हालांकि सांसद बनने के बाद धर्मेंद्र ज्यादातर समय मुंबई में ही व्यस्त रहे. इसी वजह से बीकानेर में उनकी अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली थी. यहां तक कि शहर में उनके 'गुमशुदा सांसद' के पोस्टर तक लगाए गए थे. आलोचनाओं से परेशान होकर उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली.
बीकानेर के लोगों ने क्या कहा?
बीकानेर के लोगों का कहना है कि धर्मेंद्र ने भले ही राजनीति में ज्यादा वक्त नहीं बिताया, लेकिन अपने सरल स्वभाव और फिल्मी करिश्मे से उन्होंने वहां के लोगों का दिल जीत लिया था. आज जब उनका स्वास्थ्य नाजुक है, पूरा शहर उनकी सलामती की दुआ कर रहा है.
क्या है अभी उनकी स्थिति?
डॉक्टरों के मुताबिक, धर्मेंद्र पिछले 11 दिनों से ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल लगातार अस्पताल में मौजूद हैं. वहीं, उनकी बेटियों को अमेरिका से बुलाया गया है. अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और किसी को भी मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही. उनके चाहने वाले और पूरा बॉलीवुड उनके जल्द स्वस्थ्य होने की की दुआ कर रहे हैं.
और पढ़ें
- 'मां, स्कूल नहीं जाना…', जयपुर सुसाइड केस में व्हाट्सएप ऑडियो मैसेज से बड़ा खुलासा, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
- जोधपुर: यात्रियों से भरी बस रुकवाकर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर मचाया हड़कंप, बंदूक की नोक पर की लूट
- इलाज के नाम पर अंधविश्वास का खेल! 9 महीने के बच्चे को लोहे की गर्म सलाखों से दागा, मासूम की हालत नाजुक