Anupgarh Rape Case: एडिटेड फोटो से महिला को ब्लैकमेल कर किया रेप, पत्नी के गुजरने के बाद हुई थी दोस्ती
Anupgarh Rape Case: एक व्यक्ति ने महिला के साथ दोस्ती की और उसके घर आना-जाना शुरू किया. उसने महिला की तस्वीरें खींचकर उन्हें अश्लील फोटो के साथ एडिट कर दिया और फिर महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया.
Anupgarh Rape Case: राजस्थान के 3 एनडी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ सहानुभूति के नाम पर दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की गई. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सुनील सिंह पुत्र जसवीर सिंह के रूप में हुई है. उसकी पत्नी का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था, जिसके बाद वह पीड़िता के संपर्क में आया.
थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार, आरोपी महिला के घर सहानुभूति दिखाने के बहाने आने-जाने लगा. महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसने चोरी-छिपे उसके मोबाइल से उसकी तस्वीरें खींच लीं और फिर उन्हें अन्य अश्लील तस्वीरों के साथ एडिट कर अश्लील कंटेंट बना लिया.
ब्लैकमेल कर किया बलात्कार
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने इन एडिट की गई तस्वीरों को दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. एक दिन जब वह घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने उसे धमकाया और जबरन उसके साथ बलात्कार किया. इसके बाद भी वह लगातार धमकी देता रहा और आपत्तिजनक तस्वीरें मोबाइल पर भेजता रहा.
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी भेजा गया जेल
महिला की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि अश्लील कंटेंट और अन्य डिजिटल सबूतों की पुष्टि की जा सके.
थानाधिकारी ने कहा: 'पीड़िता की शिकायत पर हमने तत्काल कार्रवाई की है. इस प्रकार के मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.'
और पढ़ें
- PM Modi In Rajasthan: पीएम मोदी ने करणी माता मंदिर के किए दर्शन, देखें पूजा-अर्चना का वीडियो
- PM Modi Rajasthan Visit: बीकानेर से PM मोदी का सख्त संदेश, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बोले- 'जब सिंदूर बारूद बनता है, तो दुनिया देखती है अंजाम'
- ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी का पहला राजस्थान दौरा आज, करणी माता की करेंगे दर्शन