'मम्मा दादी को मत मारो...,' रोता रहा पोता, बुजुर्ग सास के बाल पकड़कर पीटने वाली नशे में धुत बहू पर महिला आयोग ने लिया एक्शन
Gurdaspur Incident: गुरदासपुर में एक बहू द्वारा अपनी बुजुर्ग सास की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें आरोपी महिला हरजीत कौर ने अपनी सास गुरभजन कौर को गालियां देते हुए दिखाई दे रही थी. अब महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि बहू शराब पीकर मारती है और संपत्ति अपने नाम करने का दबाव डालती है.
Gurdaspur Incident: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक मामला सामने आया था, जिसमें एक बहू ने अपनी बुजुर्ग सास की बेरहमी से पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वीडियो में आरोपी महिला हरजीत कौर अपनी सास गुरभजन कौर को बाल खींचते, थप्पड़ मारते और गालियां देते हुए दिखाई दे रही थी.
घटना गुरदासपुर के कोठे गांव की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरजीत कौर अपनी बुजुर्ग सास पर लगातार हाथ उठा रही है. वह उन्हें स्टील के गिलास से मारती है और थप्पड़ पर थप्पड़ जड़ती है. इतना ही नहीं, वह उनकी स्लीपर भी खींचकर मारने की कोशिश करती है. वीडियो में पीड़िता जोर-जोर से रोती नजर आती है, जबकि आरोपी महिला लगातार गाली-गलौच करती रहती है.
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
इस दौरान घर में मौजूद बच्चा भी अपनी मां से दादी को छोड़ने की गुहार लगाता है. वीडियो में बच्चा रोते हुए कहता है, 'बस करो मम्मा... दादी को मत मारो.' इसके बावजूद बहू अपने हमले को रोकती नहीं है. महिला आयोग की अध्यक्ष राज गिल ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए गुरदासपुर के एसएसपी को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि एक असहाय बुजुर्ग महिला पर की गई यह बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
देखें वायरल वीडियो
खाना नहीं बना पाने पर बहू ने की पिटाई
पीड़िता गुरभजन कौर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी बहू हरजीत अक्सर शराब पीकर उन्हें मारती-पीटती और गालियां देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बहू उन पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव डाल रही है. बुजुर्ग महिला ने बताया कि जिस दिन वीडियो बना, उस दिन उनकी तबीयत खराब थी और वह बहू के लिए खाना नहीं बना पाईं. इसी बात से नाराज होकर हरजीत ने उन पर हमला कर दिया. पीड़िता ने यह भी कहा कि बहू ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया है. महिला आयोग ने साफ कर दिया है कि बुजुर्गों की सुरक्षा और अधिकार उनकी प्राथमिकता है. आयोग का कहना है कि इस मामले में कानून के तहत जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- भगवंत मान सरकार की ग्रामीण हुनर और महिला सशक्तिकरण के लिए नई पहल, 'पहिल मार्ट' से गांव की महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
- जीरो बर्निंग, डबल अर्निंग! मान सरकार का एक्शन प्लान-2025! पराली अब ‘हरा सोना’, पंजाब का किसान बनेगा स्मार्ट बिजनेसमैन
- पंजाब की नई उड़ान, ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब बनकर चमका, लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर