चलती कार में लगी भीषण आग, मैहर से लौट रहे श्रद्धालुओं की मर्सिडीज जलकर हुई खाक; ऐसे बची लोगों की जान

सतना के नेशनल हाइवे 30 पर मैहर से लौट रहे श्रद्धालुओं की मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई. चालक की सूझबूझ से चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.

Grok AI
Km Jaya

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में नेशनल हाइवे 30 पर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब मैहर धाम से दर्शन कर लौट रहे नागपुर के श्रद्धालुओं की मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई. यह घटना हरदुआ गांव के पास हुई, जहां चलती कार से अचानक तेज धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में कार आग का गोला बन गई. गनीमत यह रही कि चालक की सूझबूझ से कार में सवार सभी चार लोग समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई.

जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी देवेश पनरोतवार अपने परिवार के साथ मैहर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे. जैसे ही उनकी मर्सिडीज कार हरदुआ के पास पहुंची, तभी कार के एसी के पास से धुआं उठने लगा. चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोका और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ ही सेकेंड बाद कार के डैशबोर्ड और शीशे के पास आग दिखाई देने लगी.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार लपटों में घिर गई. हाइवे से गुजर रहे अन्य वाहन भी रुक गए और लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की. कुछ लोगों ने पानी मंगवाया, लेकिन आग का विकराल रूप देखते हुए उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका. कार जलने के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाइवे पर यातायात भी बाधित हो गया.

कैसे पाया गया आग पर काबू?

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने बहुत मुश्किल से आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. आग की वजह से कार का इंजन, इंटीरियर और अन्य सभी हिस्से पूरी तरह नष्ट हो गए. 

क्या है पूरा मामला?

देवेश पनरोतवार ने बताया कि वे नागपुर से परिवार के साथ मैहर आए थे और दर्शन के बाद लौटते समय माई की रसोई की ओर जा रहे थे. तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा. उन्होंने बिना समय गंवाए गाड़ी रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. उनका कहना है कि अगर कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो स्थिति और भयावह हो सकती थी.

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज कार वर्ष 2011 मॉडल की थी, जिसकी शुरुआती कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है. देवेश पनरोतवार ने यह कार साल 2023 में करीब 13 लाख रुपये में सेकंड हैंड खरीदी थी. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में खराबी माना जा रहा है. स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.