Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

सैलून पहुंचा बंदर...शीशा देखा और इंसानों की तरह करवाया हेयरकट, नाई भी रह गया हैरान; वायरल हुआ वीडियो

कर्नाटक के चामराजनगर में एक बंदर सैलून पहुंचा और इंसानों की तरह बाल सेट करवाने लगा. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

@dmalok x account
Km Jaya

बेंगलुरु: जानवरों के मजेदार वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं लेकिन क्या आपने कभी किसी बंदर को इंसानों की तरह सैलून में जाकर ठीक से हेयरकट करवाते देखा है? कर्नाटक के चामराजनगर से ठीक ऐसी ही एक घटना का बेहद प्यारा और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक बंदर सैलून की कुर्सी पर आराम से बैठा हुआ दिखाई दे रहा है और एक नाई उसके बालों को स्टाइल कर रहा है. 

इस अनोखे पल ने न केवल वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया बल्कि अब यह इंटरनेट पर भी धूम मचा रहा है. यह मजेदार घटना चामराजनगर तालुका के 'देवू सैलून' में हुई. सैलून के मालिक देवराज ने बताया कि यह खास बंदर उनके सैलून का नियमित ग्राहक बन गया था. अपने झुंड से अलग होकर, यह बंदर हर दिन दुकान पर आता था, चुपचाप शीशे के सामने बैठ जाता था और अपनी ही परछाई को निहारता रहता था. 

दुकानदार ने क्या बताया?

देवराज के अनुसार, उन्होंने शुरू में कई बार बंदर को भगाने की कोशिश की लेकिन जानवर पर इसका कोई असर नहीं हुआ और वह बस घंटों तक दुकान के अंदर बैठा रहता था.

गुरुवार को जब बंदर हमेशा की तरह सैलून में आया, तो देवराज ने उसे भगाने के बजाय उसके साथ थोड़ा मजा करने का फैसला किया. वह बंदर के पास गए और उसके बालों में कंघी करने लगे. 

बंदर ने कैसे कटवाए बाल?

देवराज को लगा था कि जैसे ही कंघी बंदर को छुएगी, वह डरकर भाग जाएगा लेकिन ठीक इसका उल्टा हुआ. बंदर पूरी तरह शांत रहा और इंसानों की तरह ही उसने अपना सिर झुका लिया बिल्कुल वैसे ही, जैसे कोई ग्राहक धैर्यपूर्वक अपने हेयरकट का इंतजार करता है.

बंदर के इस दोस्ताना व्यवहार से उत्साहित होकर देवराज ने अपना काम जारी रखा और उसे एक काफी स्टाइलिश हेयरस्टाइल दिया. सैलून में मौजूद एक अन्य ग्राहक ने इस पूरी मजेदार घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया.