29 साल बाद भी वही दीवानगी! माधुरी दीक्षित के फैन का ऐसा पागलपन देख उड़ जाएंगे होश, हर बर्थ डे करता है ये काम

आज बॉलीवुड की धक-धक गर्ल मादुरी दीक्षित का जन्म दिन है. पूरे देश में माधुरी के फैंस उनका बर्थडे बहुत ही उत्साह के साथ माना रहे हैं लेकिन उनका एक फैन है जोकि लगातार 29 सालों से उनके जन्मदिन को किसी उत्सव की तरह मनाता है.

ani
Meenu Singh

जमशेदपुर: जमशेदपुर में इन दिनों एक खास जश्न की चर्चा हर तरफ हो रही है. ये कोई धार्मिक पर्व या सरकारी उत्सव नहीं, बल्कि बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के जन्मदिन का आयोजन है. भारत की धक-धक गर्ल माधुरी का जन्मदिन पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. माधुरी के सबसे बड़े फैंस में गिने जाने वाले  पप्पू सरदार पिछले 29 सालों से अनोखे अंदाज में उनका बर्थडे मनाते आ रहे हैं. पप्पू ने हर साल की तरह इस साल भी माधुरी का बर्थडे उसी जोश और उत्साह के मनाया. 

उन्होंने हर साल की तरह इस बार भी दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पहले दिन शाम से ही पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया. रंगीन लाइटों, भव्य सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को खास बना दिया. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.

बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के लोकप्रिय गीतों पर शानदार डांस की पेशकश की. बच्चों के उत्साह और रंगारंग प्रदर्शन ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा. बच्चों की हर परफॉर्मेंस पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही थी. 

भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम

इस आयोजन में मनोरंजन के साथ आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिला. इस्कॉन की टीम ने ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ संकीर्तन और विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए. इससे सभी भक्तिमय वातावरण में डूब गए. कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें अभिनेत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की गई.

आधी रात को हुआ केक कटिंग समारोह

रात 12 बजे जैसे ही बर्थडे लगा वैसे ही केक काटकर जश्न मनाया गया. आयोजन स्थल को पूजा पंडाल की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था. इस दौरान सेल्फी लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ी और माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया.

कार्यक्रम के दूसरे दिन समाज सेवा से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे. करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगजनों को भोजन कराया जाएगा और उन्हें गिफ्ट भी दिए जाएंगे. इसके अलावा आम लोगों के लिए मुफ्त चाट वितरण और बच्चों के लिए निशुल्क झूले की व्यवस्था भी की गई है.

करीब तीन दशकों से हैं दीवाने

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पप्पू सरदार आज के नहीं बल्कि करीब तीन दशकों से माधुरी के जबरा फैन हैं. वह तीन दशकों से इसी उत्साह के साथ माधुरी दीक्षित का जन्मदिन मनाते आ रहे हैं. उनकी यह अनोखी फैन फॉलोइंग अब सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश-विदेश में भी चर्चा का विषय बन चुकी है.